बंगाल-झारखंड सीमा पर सुरक्षा अलर्ट: वीरभूम में भारी मात्रा में मिला बारूद, 14,400 जिलेटिन स्टिक-डेटोनेटर जब्त
पश्चिम बंगाल के नलहाटी स्टोन इंडस्ट्रियल एरिया में एक खाली मकान से 1800 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और 14,400 जिलेटिन स्टिक सहित भारी मात्रा में विस्फो ...और पढ़ें
-1785316307442_m.webp)
नलहाटी में मिला भारी मात्रा में विस्फोटक
HighLights
नलहाटी में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद।
1800 किलो अमोनियम नाइट्रेट, 14400 जिलेटिन स्टिक मिलीं।
झारखंड सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां हुई सतर्क।
संवाद सूत्र, रामपुरहाट/बीरभूम/पाकुड़। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के नलहाटी स्टोन इंडस्ट्रियल एरिया में एक बार फिर भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
नलहाटी क्षेत्र झारखंड के पाकुड़ जिले से सटा हुआ है और यहां से दोनों राज्यों के बीच लोगों व मालवाहक वाहनों की आवाजाही लगातार होती रहती है। ऐसे में घटना को सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार की रात नलहाटी थाना पुलिस ने लक्षनमारा गांव में छापेमारी कर एक खाली मकान से करीब 1,800 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, 14,400 जिलेटिन स्टिक, बड़ी संख्या में डेटोनेटर तथा विस्फोटक बनाने में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार मकान सुरजीत हेम्ब्रम का बताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार है।
पुलिस का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक किस उद्देश्य से रखा गया था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है। बरामद सामग्री को सुरक्षा की दृष्टि से थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने भी नलहाटी स्टोन इंडस्ट्रियल एरिया में छापेमारी कर विस्फोटक बरामद किया था और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।
लगातार हो रही बरामदगी के बाद पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है तथा पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। सीमा से सटे होने के कारण झारखंड पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।