पाकुड़ में अवैध लॉटरी के जाल में फंस रहे गरीब, घर-घर पहुंचकर बेचे जा रहे टिकट
पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा में अवैध लॉटरी का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जहाँ गरीब और अशिक्षित लोगों को लाखों के इनाम का लालच देकर घर-घर टिकट बेचे जा रहे ह ...और पढ़ें
-1782897894626_m.webp)
AI Generated Image
HighLights
लिट्टीपाड़ा में अवैध लॉटरी का कारोबार पैर पसार रहा है।
गरीबों को लाखों के इनाम का लालच देकर टिकट बेचे जा रहे।
पुलिस ने अवैध धंधे पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संवाद सूत्र, लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। प्रखंड क्षेत्र में अवैध लाटरी टिकट का कारोबार लगातार पैर पसार रहा है। हालात यह हैं कि प्रखंड मुख्यालय से लेकर सुदूर ग्रामीण और पहाड़ी गांवों तक हर सुबह लाटरी बेचने वाले पहुंच रहे हैं।
लाखों रुपये का इनाम लगने का लालच देकर वे गरीब और अशिक्षित लोगों को टिकट खरीदने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस धंधे की चपेट में सबसे अधिक गरीब मजदूर, छोटे दुकानदार और युवा वर्ग आ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार लाटरी विक्रेता सुबह-सुबह गांवों में पहुंचकर घर-घर टिकट बेचते हैं। जिनके पास तत्काल पैसे नहीं होते, उन्हें उधार में टिकट देकर अगले दिन राशि देने को कहा जाता है। आसान तरीके से पैसा कमाने के लालच में कई लोग घर का अनाज बेचकर भी टिकट खरीद रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से कई परिवार आर्थिक संकट में फंस रहे हैं। मेहनत की कमाई लाटरी में गंवाने के कारण गरीब परिवारों की स्थिति और खराब होती जा रही है।
वहीं इस धंधे से जुड़े लोगों की आर्थिक स्थिति तेजी से बदल रही है और उनका रहन-सहन भी पहले की तुलना में काफी बेहतर हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध लाटरी का नेटवर्क लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, तोड़ाई और हिरणपुर तक फैला हुआ है। सूत्रों का दावा है कि हिरणपुर क्षेत्र में अवैध लाटरी टिकटों की छपाई होती है, जिन्हें बाद में लिट्टीपाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में खपाया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस व प्रशासन की नाक के नीचे यह कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से अवैध लाटरी के नेटवर्क की जांच कर इसके मास्टरमाइंड पर कार्रवाई करने तथा युवाओं और गरीब परिवारों को इस जाल से बचाने की मांग की है।
थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध धंधा नहीं फलने फूलने दिया जाएगा। अवैध लाटरी का धंधा भी नहीं चलने दिया जाएगा। जल्द ही क्षेत्र में छापेमारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- गिरिडीह में नदियों से अवैध बालू का खनन जारी, माफियाओं को न एनजीटी न प्रशासन का डर