बदलती डेमोग्राफी की चुनौतियों के बीच संताल परगना में जमीनी पकड़ मजबूत करेगी विहिप, पंचायत स्तर तक होगा विस्तार
VHP और बजरंग दल ने संताल परगना में घुसपैठ व मतांतरण की चुनौतियों से निपटने के लिए संगठन को मजबूत करने का अभियान शुरू किया है। ...और पढ़ें

पाकुड़ में बैठक करते विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी।(फोटो जागरण)
HighLights
विहिप संताल परगना में घुसपैठ और मतांतरण का करेगी मुकाबला।
संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने की बनाई रणनीति।
धर्म प्रसार और सेवा कार्यों का होगा व्यापक विस्तार।
संवाद सहयोगी, पाकुड़। झारखंड के संताल परगना क्षेत्र में बदलती जनसांख्यिकीय स्थिति को लेकर हिंदू संगठनों ने चिंता जताई है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का मानना है कि बांग्लादेशी घुसपैठ और मतांतरण के कारण क्षेत्र में हिंदुओं की संख्या घट रही है, जबकि मुस्लिम और ईसाई समुदाय की आबादी बढ़ रही है। विशेष रूप से साहिबगंज और पाकुड़ जिले में इस बदलाव को गंभीर माना जा रहा है। इसी पृष्ठभूमि में संगठन ने जमीनी स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ाने का निर्णय लिया है।
पंचायत स्तर तक संगठन विस्तार का अभियान
रविवार को शहरकोल स्थित परिषद कार्यालय में आयोजित जिला बैठक में संगठन विस्तार को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अशोक वर्मा ने की। विभाग मंत्री अशोक वर्मा ने बताया कि जून माह के अंतिम रविवार तक जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड समिति की बैठकें पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद पंचायत स्तर तक समितियों के गठन का अभियान चलाया जाएगा, ताकि संगठन की पहुंच गांव-गांव तक सुनिश्चित हो सके।
साप्ताहिक मिलन केंद्रों पर रहेगा जोर
बैठक में निर्णय लिया गया कि पंचायत समितियों के गठन के बाद उनकी सूची जिला इकाई को सौंपी जाएगी। साथ ही सभी प्रखंड इकाइयों को साप्ताहिक मिलन केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संगठन की मजबूती और समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि मजबूत संगठन ही सामाजिक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकता है।
जुलाई और अगस्त के कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा
बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि 17 और 18 जुलाई को लोहरदगा में आयोजित प्रांत बैठक में जिले के अपेक्षित कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसके अलावा 14 अगस्त को अखंड भारत दिवस मनाया जाएगा। कृष्ण जन्माष्टमी और विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस पर भी जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से संगठन सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को गति देगा।
खबरें और भी
बुढ़ा अमरनाथ यात्रा में सहभागिता की अपील
प्रांत गौ रक्षा प्रमुख संदीप मंडल ने अगस्त माह में प्रस्तावित बुढ़ा अमरनाथ यात्रा की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। जिला मंत्री अरविंद घोष ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति गांव और पंचायत स्तर पर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर समितियों का गठन कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में श्याम चंद्र यादव, उदय कुमार सिंह, देवीलाल मुर्मू, विशाल भगत, मुकेश भगत, साधन कुमार मुखर्जी, शंकर कुमार ओझा और विजय कुमार जायसवाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।