झारखंड में पुलिस कस्टडी से भाग रहा आरोपी एनकाउंटर में घायल, पिस्तौल छीनकर की थी फायरिंग
पलामू में कोयल नदी गोलीकांड का नामजद आरोपी सुमित कुमार उर्फ सुमित चंद्रवंशी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में घायल हो गया। ...और पढ़ें

आरोपी एनकाउंटर में घायल ( प्रतीकात्मक तस्वीर )
HighLights
आरोपी सुमित चंद्रवंशी पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास कर रहा था।
उसने पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्तौल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग की।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर(पलामू)। पलामू जिले के शहर थाना क्षेत्र के कोयल नदी किनारे हुए चर्चित गोलीकांड के नामजद आरोपी सुमित कुमार उर्फ सुमित चंद्रवंशी को हथियार बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास महंगा पड़ गया।
गुरुवार सुबह सदर थाना क्षेत्र के बजराहा इलाके में आरोपी ने पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार होने की कोशिश की।आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सरकारी पिस्टल छीन ली और भागने लगा
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि कुछ दिन पहले शहर थाना क्षेत्र के कोयल नदी किनारे हुई गोलीबारी में तीन लोग घायल हुए थे। इस मामले में सुमित नामजद आरोपी है। पुलिस उसे पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी शेष थी।
इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस टीम आरोपी को हथियार बरामद कराने लेकर गई थी। हथियार बरामद करने के बाद लौटने के दौरान आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और भागने लगा। भागते समय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी कर दी।
खबरें और भी
आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें सुमित के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे दोबारा पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
एसपी ने बताया कि सरकारी हथियार छीनने, पुलिस पर जानलेवा हमला करने और कस्टडी से फरार होने के प्रयास के मामले में आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। घटना के बाद बजराहा और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने सर्च अभियान भी चलाया।
उल्लेखनीय है कि सुमित मेदिनीनगर का रहने वाला है और उसका एक आपराधिक गिरोह से संबंध बताया जाता है। कोयल नदी गोलीकांड के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
यह भी पढ़ें- पलामू: करहर नदी के तट पर बुझी गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की चिता, अपराध की दुनिया का एक अध्याय समाप्त