सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पलामू का वीडियो, CM हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद बच्चों से मिलने पहुंचे DC
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने एकौनी गांव में माता-पिता खो चुके तीन अनाथ बच्चों से मुलाकात की। ...और पढ़ें

बच्चों से मिलते डीसी। (जागरण)
HighLights
मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीसी ने बच्चों से मुलाकात की।
अनाथ बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
उपायुक्त ने बच्चों को अपना मोबाइल नंबर भी दिया।
जागरण टीम, जपला/मेदिनीनगर (पलामू)। हुसैनाबाद प्रखंड के लोटनिया पंचायत अंतर्गत एकौनी गांव में माता-पिता की मौत के बाद बेसहारा हुए तीन अनाथ बच्चों की सुध अब राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने ली है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत शनिवार को अधिकारियों की टीम के साथ गांव पहुंचे और बच्चों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव के समाजसेवी सतीश कुमार शर्मा ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर बच्चों की दयनीय स्थिति की जानकारी मुख्यमंत्री को दी थी।
पोस्ट में बताया गया था कि माता-पिता के निधन के बाद तीनों बच्चे कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे हैं और उन्हें पढ़ाई समेत बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल पलामू उपायुक्त को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने और उन्हें सभी आवश्यक सरकारी योजनाओं से जोड़ने को कहा था।
डीसी पहुंचे गांव
इसके बाद उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत खुद करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित एकौनी गांव पहुंचे। उन्होंने बच्चों और उनके स्वजनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने, पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिलाने तथा राशन कार्ड में दो बच्चों का नाम जोड़ने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।
साथ ही अंचल अधिकारी को भविष्य में रजिस्ट्री डीड के माध्यम से बच्चों को उनकी पैतृक संपत्ति में विधिवत हिस्सेदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
मोबाइल नंबर भी दिया
इस दौरान उपायुक्त ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए अपना मोबाइल नंबर भी दिया और कहा कि किसी भी जरूरत या परेशानी में वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
गांव जाने से पहले उपायुक्त ने हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों का हालचाल भी जाना।
मौके पर हुसैनाबाद एसडीओ गौरांग महतो, एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला, अंचल पदाधिकारी पंकज कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसके रवि, मुखिया विनोद कुमार सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- अगर बचा सको तो बचा लो... दोस्त के फोन पर आया युवती का फोन, फिर पलामू में पेड़ से लटका मिला युवक का शव