Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाए 11 हजार वोल्ट के तार ने ली सचिन की जान, पलामू पुलिस ने किया खुलासा; दो गिरफ्तार

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 06:23 PM (GMT+05:30)

    पलामू पुलिस ने सचिन कुमार साह की मौत का खुलासा करते हुए दो आरोपियों कमल रजवार और रामजी रजवार को गिरफ्तार किया है। सचिन की मौत जंगली सूअरों के शिकार के ...और पढ़ें

    सचिन कुमार साह की मौत का पलामू पुलिस ने किया खुलासा। जागरण

    सचिन कुमार साह की मौत का पलामू पुलिस ने किया खुलासा। जागरण

    HighLights

    1. सचिन कुमार साह की मौत का पलामू पुलिस ने किया खुलासा।

    2. जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए तार से हुई मौत।

    संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। उंटारी रोड थाना क्षेत्र के सचिन कुमार साह मौत मामले का पलामू पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कमल रजवार उर्फ बबलू और रामजी रजवार के रूप में हुई है।

    पुलिस ने घटनास्थल से करीब 50 फीट लोहे का बिजली तार और अवैध रूप से बिजली का तार बिछाने में प्रयुक्त करीब डेढ़ फीट लंबे छह लकड़ी के खूंटे बरामद किए हैं। विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीव कुमार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि दोनों आरोपितों ने पूछताछ के दौरान अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

    पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर मामले का खुलासा किया। इस संबंध में थाना में दर्ज है।एसडीपीओ ने बताया कि 15 जुलाई को सतबहिनी पंचायत के शेखडीहा गांव स्थित कोयल नदी की बालू में एक युवक का शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान सचिन कुमार साह के रूप में हुई थी।

    मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपितों के स्वीकारोक्ति बयान से यह खुलासा हुआ कि 14 जुलाई की रात जंगली सुअरों के शिकार के उद्देश्य से अवैध रूप से बिछाए गए 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से सचिन कुमार साह की मौत हो गई थी।

    खबरें और भी

    घटना के बाद आरोपितों ने मामले को छिपाने के लिए शव को कोयल नदी की बालू में दफना दिया। साथ ही करंट प्रवाहित करने में इस्तेमाल किए गए बिजली के तार को भी छिपा दिया था। पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले का उद्भेदन करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस ने बताया कि इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है। छापेमारी दल में पांडू सर्किल इंस्पेक्टर रामाशीष पासवान, उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।