Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बेटी की मौत के बाद अंधविश्वास में डूबा परिवार, पलामू में डायन-बिसाही के शक ने एक और घर उजाड़ दिया

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 10:56 AM (IST)

    पलामू के मुरमा कला गांव में अंधविश्वास के चलते एक युवक चनका रजवार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के दादा, चाचा सह ...और पढ़ें

    एआई जेनरेटेड इमेज।

    एआई जेनरेटेड इमेज।

    HighLights

    1. युवक चनका रजवार की डायन-बिसाही के शक में हत्या।

    2. मृतक के दादा, चाचा समेत पांच आरोपी गिरफ्तार।

    संवादसूत्र, उंटारी रोड (पलामू)। पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के मुरमा कला गांव में अंधविश्वास ने एक परिवार को तबाह कर दिया। डायन-बिसाही के संदेह में हुए खूनी संघर्ष में युवक चनका रजवार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

    गिरफ्तार आरोपितों में मृतक के दादा,चाचा,चाची और दो चचेरे भाई शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त खून से सनी टांगी और बांस की लाठी बरामद कर जब्त कर ली है।

    विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल ने गुरुवार को उंटारी रोड थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 5 अगस्त की रात सूचना मिली थी कि मुरमा कला के लकड़ही टोला में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

    जांच में पता चला कि प्रभु रजवार की आठ वर्षीय पुत्री की 2 अगस्त को मौत हो गई थी। बेटी की मौत के बाद वह एक भगत के पास गया, जहां कथित तौर पर उसे बताया गया कि पड़ोसी ललिता देवी और मृतक चनका रजवार की पत्नी दुर्गा देवी ने डायन-बिसाही कर उसकी पुत्री की जान ली है।

    इसी अंधविश्वास में प्रभु रजवार ने दोनों महिलाओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी, जिससे विवाद हिंसक हो गया।आरोप है कि विवाद के दौरान प्रभु रजवार और उसके परिवार के सदस्यों ने टांगी, फरसा और लाठी से चनका रजवार पर हमला कर दिया।

    खबरें और भी

    गंभीर रूप से घायल चनका रजवार ने इलाज शुरू होने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना में मृतक पक्ष के अन्य सदस्य भी घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को भी मामूली चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, हत्या के आरोप में गिरफ्तार सीताराम रजवार (दादा), प्रभु रजवार (चाचा), झुबली देवी (चाची), विमलेश रजवार एवं गुडडन रजवार (चचेरे भाई) हैं।

    सभी आरोपी मुरमा कला के लकड़ही टोला के निवासी हैं। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अंधविश्वास किस तरह परिवारों को भी बर्बादी की ओर धकेल देता है। नन्दु रजवार के बयान पर उंटारी रोड थाना कांड संख्या 43/2026 दिनांक 6 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर रामाशीष पासवान तथा उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी मौजूद थे।