प्रभात मेहता किडनैपिंग-मर्डर केस में एक और गिरफ्तारी, हरियाणा से ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाया गया
पलामू पुलिस ने चर्चित प्रभात कुमार मेहता अपहरण एवं हत्या कांड में एक और आरोपी धर्मेंद्र कुमार को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने पुरा ...और पढ़ें

HighLights
पलामू पुलिस ने प्रभात मेहता हत्याकांड में एक और आरोपी पकड़ा।
हरियाणा से ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाया गया आरोपी।
पुरानी दुश्मनी और रंजिश हत्या का मुख्य कारण बताया गया।
संवाद सूत्र, पाटन (पलामू)। झारखंड के पलामू जिले में पाटन थाना पुलिस ने चर्चित प्रभात कुमार मेहता अपहरण एवं हत्या कांड में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर अनुसंधान में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी को हरियाणा से ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाया गया, जहां न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पाटन सर्किल के पुलिस इंस्पेक्टर सुरेश कुमार मंडल ने गुरुवार को पाटन थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में इस संबंध में जानकारी दी।
जुलाई में दर्ज हुई थी अपहरण की एफआईआर
उन्होंने बताया कि 25 जुलाई 2026 को पाटन थाना क्षेत्र के सहदेवा गांव निवासी ठाकुर दयाल मेहता ने अपने पुत्र प्रभात कुमार मेहता के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
उन्होंने आरोप लगाया था कि कुड़वा गांव निवासी राहुल राम मोटरसाइकिल से उनके पुत्र का अपहरण कर ले गया है। आवेदन के आधार पर पाटन थाना कांड संख्या-120/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(1), 140(2) एवं 140(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
अगले दिन ही मिल गया था प्रभात का शव
उन्होंने बताया कि अनुसंधान के दौरान 26 जुलाई को पाण्डेयपुरा करोरिया स्थित देवेन्द्र भुईया के अर्द्धनिर्मित मकान से प्रभात कुमार मेहता का शव बरामद किया गया था।
इसके बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई गई। इस मामले के मुख्य नामजद आरोपी राहुल कुमार उर्फ राहुल राम उर्फ राहुल चन्द्रवंशी को 29 जुलाई को बेंगलुरु के राजनकुंटे क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था।
उसे 1 अगस्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच के दौरान पाटन थाना क्षेत्र के खरौंधा गांव निवासी धर्मेन्द्र कुमार (23 वर्ष) की संलिप्तता के साक्ष्य मिले।
सत्यापन के बाद उसे 4 अगस्त को हरियाणा के यमुनानगर जिले के भरथल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक रेडमी नोट-10 प्रो मोबाइल फोन एवं एक सिम कार्ड बरामद किया गया है।
धर्मेंद्र ने किया हत्या का खुलासा
पूछताछ में धर्मेंद्र कुमार ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए हत्या का कारण आपसी दुश्मनी एवं पुरानी रंजिश बताया है। उसे तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाया गया, जिसके बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
खबरें और भी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी पाटन थाना कांड संख्या-39/2024 के तहत आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।
मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रेसवार्ता के दौरान पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- 7 साल का रहस्य, गुमला का पहला नार्को टेस्ट: क्या अब सामने आएगा संजीता की गुमशुदगी का सच?
यह भी पढ़ें- बिना केस दर्ज किए ट्रक जब्त करना पड़ा भारी, झारखंड हाईकोर्ट ने डीएमओ पर लगाया 50 हजार रुपये का जुर्माना