डायन-बिसाही के शक में खूनी वारदात: पलामू में पीट-पीटकर युवक की हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार
पलामू के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज करने के बाद जांच तेज कर दी है। इसके ...और पढ़ें

वारदात के बाद गिरफ्तार किए गए आरोपी।
HighLights
पीटकर और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप
बीती रात हुई थी दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, जांच और छापामारी
संवाद सूत्र, उंटारी रोड (मेदिनीनगर/पलामू)। पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के मुरमा कला गांव में अंधविश्वास ने एक और जान ले ली। डायन-बिसाही के संदेह में हुए खूनी संघर्ष में चनका रजवार नाम के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त खून से सनी टांगी और बांस की लाठी भी बरामद कर जब्त कर ली गई है।
रात में हुई थी हिंसक झड़प
विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल ने उंटारी रोड थाना में पत्रकारों को बताया कि बीते 5 अगस्त की रात को सूचना मिली कि मुरमा कला के लकड़ही टोला में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्रभु रजवार की आठ वर्षीय पुत्री की 2 अगस्त को मृत्यु हो गई थी।
बेटी की मौत के बाद वह एक भगत के पास गया, जहां कथित तौर पर उसे बताया गया कि पड़ोसी ललिता देवी और मृतक चनका रजवार की पत्नी दुर्गा देवी ने डायन-बिसाही कर उसकी पुत्री की जान ली है।
गाली-गालौज और मारपीट
इसी अंधविश्वास और संदेह के आधार पर प्रभु रजवार ने दोनों महिलाओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि विवाद के दौरान प्रभु रजवार और उसके परिवार के सदस्यों ने टांगी, फरसा और लाठी से चनका रजवार पर जानलेवा हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल चनका रजवार ने इलाज शुरू होने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना में मृतक के परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को भी मामूली चोटें आईं।

पुलिस ने दर्ज किया केस
नन्दु रजवार के बयान पर उंटारी रोड थाना कांड संख्या-43/2026, 6 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने प्रभु रजवार, झुबली देवी, गुड्डन रजवार, विमलेश रजवार और सीताराम रजवार को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी आरोपी मुरमा कला के लकड़ही टोला के निवासी हैं।
इस कार्रवाई में रेहला कैंप के पुलिस निरीक्षक पाण्डू अंचल, उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरि, पुलिस अवर निरीक्षक राजवर्धन तथा उंटारी रोड थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है।