रामगढ़ में सीसीएल स्कूल बस सेवा की अनियमितता से 240 विद्यार्थियों की पढ़ाई हो रही प्रभावित, अभिभावकों में नाराजगी
सीसीएल गिद्दी प्रबंधन की स्कूल बस सेवा की अनियमितता से सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के 240 छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। अभिभावक लगातार बस खराब होने ...और पढ़ें

गिद्दी मेनगेट स्टापेज पर बस का इंतजार करते बच्चे व शिक्षक।
HighLights
सीसीएल गिद्दी बस सेवा 20 साल से अनियमित चल रही है।
240 छात्रों की पढ़ाई बाधित, अभिभावक लगातार परेशान हैं।
संवाद सूत्र, गिद्दी (रामगढ़)। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर गिद्दी बस्ती में सीसीएल गिद्दी प्रबंधन की ओर से पिछले करीब 20 वर्षों से विद्यार्थियों के आवागमन के लिए उपलब्ध कराई जा रही स्कूल बस सेवा इन दिनों अनियमित हो गई है। इससे विद्यालय में अध्ययनरत करीब 240 विद्यार्थियों का पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। इनमें अधिकांश बच्चे सीसीएल कर्मियों के हैं, जबकि कई विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं।
अभिभावकों का आरोप है कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत अप्रैल से ही बस सेवा लगातार बाधित हो रही है। बस में मामूली खराबी आने पर भी कई दिनों तक उसका परिचालन बंद कर दिया जाता है। चालक द्वारा समय पर सूचना नहीं देने के कारण बच्चे सुबह निर्धारित स्टॉपेज पर पहुंचकर बस का इंतजार करते रहते हैं और बाद में निराश होकर घर लौटना पड़ता है।
बताया गया कि गिद्दी ऑफिसर कालोनी, फिल्टर प्लांट, मेन गेट और डीएवी स्कूल के समीप बनाए गए स्टापेज से बस विद्यार्थियों को विद्यालय लाती और वापस छोड़ती है। लेकिन पिछले कुछ महीनों से अक्सर निर्धारित समय बीत जाने के बाद चालक द्वारा बस खराब होने की सूचना दी जाती है। इससे बच्चों का समय पर विद्यालय पहुंचना संभव नहीं हो पाता और कई बार उन्हें घर लौटना पड़ता है।
बुधवार को भी तीनों स्टापेज पर बच्चे सुबह साढ़े छह बजे से बस का इंतजार करते रहे। करीब सवा सात बजे चालक ने बस खराब होने की सूचना दी। अभिभावकों के अनुसार, बाद में करीब पौने आठ बजे बस मेन गेट और डीएवी स्कूल स्टॉपेज पहुंची, तब तक काफी बच्चे घर लौट चुके थे। वहीं देरी के कारण आफिसर कालोनी स्टापेज तक बस पहुंच ही नहीं सकी।
खबरें और भी
विद्यालय का समय सुबह सात बजे है। अभिभावकों का कहना है कि यदि बस में खराबी होती है तो इसकी सूचना पहले ही देनी चाहिए थी, ताकि वे बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर पाते। उनका आरोप है कि इस तरह की स्थिति पिछले कई महीनों से बार-बार उत्पन्न हो रही है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इधर स्कूल बस के चालक ने बताया कि डीएवी स्कूल के बच्चों को छोड़ने के दौरान बस के केबिन के पास धुआं निकलने लगा था। मिस्त्री से मरम्मत कराने में समय लगने के कारण वह निर्धारित समय पर बस लेकर स्टॉपेज नहीं पहुंच सका।
विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने सीसीएल गिद्दी प्रबंधन से स्कूल बस का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने तथा समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो।