झारखंड में सुबह-सुबह एनकाउंटर, रामगढ़ में प्रिंस खान गिरोह का कुख्यात शूटर शिवराज पैर में गोली लगने से घायल
रामगढ़ के भुरकुंडा में पुलिस मुठभेड़ में प्रिंस खान गिरोह का कुख्यात शूटर शिवराज राम उर्फ शिवा घायल हो गया, उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। ...और पढ़ें
HighLights
भुरकुंडा में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई।
प्रिंस खान गिरोह का कुख्यात शूटर शिवराज राम घायल हुआ।
पुलिस ने दो पिस्टल और 59 जिंदा कारतूस बरामद किए।
संवाद सूत्र, भुरकुंडा (रामगढ़)। रामगढ़ जिला के भुरकुंडा ओपी अंतर्गत रिवर साइड भुरकुंडा सेंट्रल स्कूल के जर्जर भवन में सोमवार की अहले सुबह तकरीबन 5 बजे हुए एनकाउंटर में कुख्यात प्रिंस खान गिरोह का शूटर सयाल निवासी शिवराज राम उर्फ शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया।
अपराधी शिवराज राम के दाहिना पैर में गोली लगी है। रांची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान क्रास फायरिंग क्रास फायरिंग की घटना घटी।
पुलिस को टारगेट कर दो गोली चलाई
पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर रांची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस ने सयाल से शिवराज राम को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने रिवर साइड सेंट्रल स्कूल में हथियार छुपा कर रखने की बात स्वीकार की।
पुलिस टीम उसे लेकर सीधे सेंट्रल स्कूल पहुंची। जहां छिपाया गया हथियार निकालने के दौरान अपराधी शिवराज राम ने पुलिस टीम पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। उसने पुलिस को टारगेट कर दो गोली चलाई।
दाहिना पैर में गोली लगी
पुलिस की जवाबी फायरिंग में शिवराज राम के दाहिना पैर में गोली लगी। इसके बाद उसकी निशानदेही पर दो पिस्टल, 59 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस दौरान उसने कुजू ओपी क्षेत्र के तोपा हुआग निवासी आरिज आलम के पास हथियार होने की बात बताई।

रामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तोपा के हुआग निवासी आरिज आलम के घर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। जहां से दो पिस्टल और 21 जिंदा कारतूस बरामद किया। इधर एनकाउंटर में घायल शिवराज राम का प्राथमिक इलाज भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल में करवाया गया। इसके पश्चात रामगढ़ सदर हॉस्पीटल भेज दिया गया।
खबरें और भी
बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर
जानकारी के अनुसार घायल अपराधी को रिम्स में बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना स्थल पर पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में इंपेक्टर सतेंद्र कुमार, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, पतरातू प्रभारी शिव कुमार, बासल प्रभारी कैलाश कुमार सहित भारी सशस्त्र बल तैनात है।
कई संगीन अपराधों में लिप्त था अपराधी शिवराज राम
एनकाउंटर में घायल शिवराज राम उर्फ शिवा रामगढ़ और हजारीबाग जिला में कई संगीन अपराधों में संलिप्त रहा है। उस पर भुरकुंडा में दो, उरीमारी में दो और हजारीबाग के लोहसिंघना थाना में फायरिंग, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन मामले दर्ज है।
बताया जाता है कि वो 14 मई को जेल से छूट कर आया था। उरीमारी में विस्थापित नेता दसई मांझी पर गोली चलाने के मामले में भी संलिप्त था।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने सोमवार की सुबह भुरकुंडा रिवर साइड स्थित सेंटल स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए स्थानीय अधिकारियों से पुरे मामले की जानकारी ली।

मौके पर एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि अपराधी शिवराज राम हाल में ही जेल से छूट कर आया था। उसकी संदिग्ध गतिविधियों के कारण वो पुलिस के रडार में था। रांची और धनबाद पुलिस से इनपुट मिला कि शिवराज किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
हाल में 4 हथियार और गोलियां खरीदी
रविवार की रात अपराधी शिवराज राम को रांची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने भुरकुंडा ओपी के सयाल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि हाल में 4 हथियार और गोलियां खरीदी है। दो हथियार व गोलियां अपने दोस्त को दिया और दो हथियार भुरकुंडा से बरामद करवा सकता है।
बरामदगी के दौरान भुरकुंडा सेंट्रल स्कूल के जर्जर भवन में छुपाया गया हथियार निकालने के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दिया। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोल चलाई। जिसमें वो घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि शिवराज राम इन दिनों लगातार सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह के संपर्क में था। वो पहले श्रीवास्तव गिरोह और राहुल दुबे गिरोह के लिए काम करता था। इस पर कई आपराधिक मामले दर्ज है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में पुलिस मुठभेड़ में झारखंड का कुख्यात अंतरराज्यीय चोर नफीस घायल, 30 से अधिक मामलों में थी तलाश