Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ओडिशा में पुलिस मुठभेड़ में झारखंड का कुख्यात अंतरराज्यीय चोर नफीस घायल, 30 से अधिक मामलों में थी तलाश

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 09:27 AM (GMT+05:30)

    ओडिशा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान झारखंड का कुख्यात अंतरराज्यीय चोर मोहम्मद नफीस घायल हो गया। वह 30 से अधिक मामलों में वांछित था और चोरी का सामान बरामद ...और पढ़ें

    HighLights

    1. कुख्यात अंतरराज्यीय चोर मोहम्मद नफीस पुलिस मुठभेड़ में घायल।

    2. ओडिशा के क्योंझर जिले में हुई यह मुठभेड़।

    3. 30 से अधिक चोरी-डकैती मामलों में था वांछित।

    जागरण संवाददाता, जैंतगढ़/चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड निवासी कुख्यात अंतरराज्यीय चोर मोहम्मद नफीस सोमवार तड़के ओडिशा के क्योंझर जिले के चंपुआ थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। 

    क्योंझर और मयूरभंज जिलों सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में चोरी और डकैती के 30 से अधिक मामलों में वांछित नफीस ने पुलिस हिरासत में चोरी का सामान बरामद कराने के दौरान पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने घुटने में गोली लगी। 

    बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर 

    घायल आरोपी को पहले चंपुआ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए क्योंझर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 

    पुलिस के अनुसार, मोहम्मद नफीस लंबे समय से झारखंड-ओडिशा सीमा से लगे इलाकों में सक्रिय था। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि विभिन्न स्थानों से चोरी किया गया सामान चंपुआ के समीप स्थित पटला फॉरेस्ट क्षेत्र में छिपाकर रखा गया है। इसके बाद सोमवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस टीम उसे चोरी का सामान बरामद कराने के लिए पटला फॉरेस्ट लेकर पहुंची।

    जंगल में छिपाई गई देसी बंदूक निकाली, पुलिस पर झोंके दो राउंड

    पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के दौरान आरोपी ने पहले से जंगल में छिपाकर रखी गई एक देसी बंदूक निकाल ली और पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले के बाद उसने जंगल का फायदा उठाकर भागने का प्रयास भी किया। 

    पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक गोली आरोपी के दाहिने घुटने में लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा अपने कब्जे में ले लिया।

    घटनास्थल से देसी बंदूक बरामद

    मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी बंदूक बरामद की है। घायल मोहम्मद नफीस को तत्काल चंपुआ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए क्योंझर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

    खबरें और भी

    इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

    घटना के संबंध में चंपुआ थाना में कांड संख्या 257/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) एवं 296 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

    साथियों और अंतरराज्यीय नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

    पुलिस अब मोहम्मद नफीस के अन्य साथियों, अंतरराज्यीय चोरी गिरोह और चोरी के शेष सामान की बरामदगी के लिए जांच तेज कर दी है। झारखंड और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय उसके नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ से चोरी और डकैती की कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

    यह भी पढ़ें- रांची में प्रेमी की करतूत: दूसरे के साथ देखा तो दशम फॉल बुलाकर प्रेमिका की कर दी हत्या, गड्ढा खोदकर शव को दफनाया