झारखंड के रामगढ़ में बन रही थी 'मेड इन जापान' पिस्टल, ₹15 हजार में बेचते थे पति-पत्नी
रामगढ़ के भुरकुंडा में एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है, जहां 'मेड इन जापान' टैग वाली पिस्तौलें बनाई जा रही थीं। ...और पढ़ें

रामगढ़ में बन रही थी मेड इन जापान पिस्टल
HighLights
रामगढ़ में अवैध 'मिनी गन फैक्ट्री' का पर्दाफाश हुआ।
'मेड इन जापान' टैग वाली पिस्तौलें बनाई जा रही थीं।
संचालक पति-पत्नी गिरफ्तार, हथियार बनाने का सामान जब्त।
संवाद सूत्र, भुरकुंडा (रामगढ़)। रामगढ़ जिला के भुरकुंडा ओपी अंतर्गत दत्तो कॉलोनी में अवैध रूप से मिनी गन फैक्ट्री का संचालन होने का पर्दाफाश होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस अवैध फैक्ट्री में मेड इन जापान पिस्टल तैयार होती थी। पुलिस को छापेमारी में मिले अर्द्धनिर्मित पिस्टलों में मेड इन जापान का टैग लगा है।
अवैध गन फैक्ट्री संचालक दत्तो निवासी दिनेश विश्वकर्मा और उसकी पत्नी नूतन देवी अपनी फैक्ट्री में तैयार पिस्टल की सप्लाई रामगढ़ व हजारीबाग जिला के विभिन्न क्षेत्रों में करते थे। पिस्टल को ग्राहक के हिसाब से बेचा जाता था। हालांकि निर्धारित मूल्य प्रति पिस्टल 15 हजार था।
बताया जाता है कि आरोपी दिनेश विश्वकर्मा लोहा का काम करने में एक्सपर्ट है। उसके द्वारा विदेशी पिस्टलों के तर्ज पर ही पिस्टल का निर्माण किया जा रहा था।
रामगढ़ एसपी ने प्रेंस कांफ्रेस कर दी जानकारी
रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बुधवार को भुरकुंडा ओपी में प्रेस कांफ्रेंस कर अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि भुरकुंडा ओपी अंतर्गत दत्तो कॉलोनी में अवैध मिनी गन फैक्ट्री के संचालन की सूचना मिल थी। इसके आधार पर हजारीबाग और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
इस दौरान दत्तो निवासी दिनेश विश्वकर्मा और उसकी पत्नी नूतन देवी को गिरफ्तार किया गया। घर की तलाशी में अवैध हथियार निर्माण की सामग्री व अद्धनिर्मित पिस्टल सहित कई सामग्री बरामद की गई। गिरफ्तार दंपत्ति ने स्वीकार किया कि पिछले कुछ समय से अवैध रूप से हथियार बनाने के काम में संलिप्त थे। साथ ही इसकी सप्लाई भी करते थे।
खबरें और भी
पुलिस अब इसके बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है। इस मामले की तफ्तीश के लिए पतरातू एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है।
प्रेस कांफेंस में एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, पतरातू इंस्पेक्टर सतेंद्र कुमार, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, भदानीनगर प्रभारी अख्तर अली, बासल प्रभारी कैलाश कुमार, पतरातू प्रभारी शिवकुमार गुप्ता आदि शमिल थे।
पुलिस ने जब्त किया हथियार बनाने का सामान बरामद
हजारीबाग और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम की छापेमारी में अद्धनिर्मित पिस्टल और हथियार बनाने का सामान बरामद किया गया। यहां से तीन अद्धनिर्मित पिस्टल, 9 मैगजीन, 6 फायरिंग पिन, लॉक पिन, कॉक पिन, ट्रिगर, मैगजीन लॉक पिन, स्प्रिंग, बट कवर हरा व मटमैला सहित अन्य सामान बरामद किया।
वहीं हथियार बनाने में उपयोग आने वाली मशीन भी बरामद की गई। जिसमें ड्रिल मशीन एक, गैस कटर, रेलवे पटरी के टुकड़े, टूल बॉक्स, हेक्सा ब्लेड, हथौड़ा, लोहे का चदरा, वेल्डिंग मशीन के अलावा एक स्कूटी व मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस के रडार पर रहा है गिरफ्तार दंपत्ति
दत्तो से अवैध मिनी गन फैक्ट्री बनाने के आरोप में गिरफ्तार दंपत्ति पहले से ही पुलिस के रडार में थे। एक साल पहले हजारीबाग पुलिस ने आरोपी दिनेश विश्वकर्मा के घर रेड किया था। मगर वहां पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। इसलिए पुलिस बैरंग लौट गई। इसी बीच दोबार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस रेड हुई। आरोपी के घर से तो कुछ नहीं मिला। मगर उसके घर के बगल में बंद घर में कुछ आपत्तिजनक सामान मिला।
पूछताछ में दिनेश विश्वकर्मा ने बरामद सामान से कोई लेना देना नहीं है कह कर बच गया था। वहीं आसपास के लोग भी लोहार का काम कर रहे दिनेश विश्वकर्मा के प्रति हमदर्दी दिखाते हुए पुलिस की कार्रवाई को बेवजह परेशान करने वाली कार्रवाई बताया था। अब जब अवैध हथियार बनाने का खुलासा हुआ तो लोग हैरान हो गए। उन्हें इस बात पर भरोसा नहीं हो रहा था।
हथियार के सप्लाई चेन पर है पुलिस की नजर
भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद अब पुलिस की नजर हथियार सप्लाई चेन पर है। पूछताछ के क्रम में पुलिस को कई जानकारियां मिली है। जिसके आधार पर छापेमारी शुरू हो गई है।
एसपी ने भी साफ कर दिया कि हथियार बनाने का सामान कहा से आता था और हथियार खरीदने वाले लोगों की पूरी लिस्ट तैयार की जा रही है। यहां बनाए गए हथियारों को जब्त कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए ही एसआईटी का गठन किया गया है।