Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, लड्डू और गोलगप्पे में मिला हानिकारक रंग; तीन दुकानदारों को नोटिस

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 08:47 AM (IST)

    खाद्य सुरक्षा विभाग ने रामगढ़ में औचक जांच अभियान चलाया, जिसमें बेसन के लड्डुओं और गुपचुप के छोले में हानिकारक रंग पाए गए। पांच दुकानों पर 20 हजार का ...और पढ़ें

    रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की औचक निरीक्षण। जागरण

    रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की औचक निरीक्षण। जागरण

    HighLights

    1. रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की औचक जांच।

    2. बेसन के लड्डुओं और गुपचुप के छोले में हानिकारक रंग।

    संवाद सहयोगी, रामगढ़। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शुक्रवार को बाजार समिति के समीप विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं ठेलों पर औचक जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजार समिति के निकट स्थित 11 दुकानों एवं दो गुपचुप ठेलों का निरीक्षण किया गया।

    जांच के क्रम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, विनिर्माण तिथि (मैनुफैक्चरिंग डेट), अंतिम प्रयोग तिथि (एक्सपायरी डेट), खाद्य सुरक्षा लाइसेंस, पेस्ट कंट्रोल सहित अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान विभिन्न दुकानों में बिक्री के लिए रखे गए बेसन के लड्डुओं में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रंग का प्रयोग पाया गया।

    खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित लड्डुओं को मौके पर ही नष्ट कराया। इसके अतिरिक्त अनियमितता पाए जाने पर पांच दुकानों पर कुल 20,000 का आर्थिक दंड लगाया गया तथा तीन दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

    वहीं, जांच के दौरान दो गुपचुप ठेलों के छोले में भी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रंग का उपयोग पाया गया। टीम द्वारा दोनों ठेलों के छोले को मौके पर ही नष्ट कराया गया तथा संबंधित संचालकों को भविष्य में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी गई।

    खबरें और भी

    उपायुक्त ऋतुराज व खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय, रांची तथा अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, रामगढ़ डॉ. नवल कुमार के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों से स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री ही उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराने की अपील की है।

    विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से जांच अभियान चलाकर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा एवं खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थे।