यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चार राज्याें के चुनाव परिणामों के बाद झारखंड में सियासी हलचल, पार्टी प्रवक्ता ने कहा- हेमंत सोरेन के काम पर जनता मुहर लगाएगी
राजस्थान मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में भाजपा की बड़ी जीत और तेलंगाना में पार्टी को बढ़त मिलने के साथ झारखंड में सियासी हलचल तेज हो ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, रांची। चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है। चुनाव परिणामों के बाद झारखंड में सियासी हलचल बढ़ी है और सत्ता पक्ष वाली पार्टी सतर्क है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि राज्य की जनता का भरोसा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर है।
हर राज्य की राजनीतिक परिस्थितियां अलग: विनोद पांडेय
उन्हाेंने कहा कि हर राज्य की समाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियां अलग होती हैं। पहले भी चुनाव परिणामों में उतार-चढ़ाव होता रहा है।
राज्य में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठबंधन सरकार जनकल्याण को लेकर ढेर सारे काम कर रही है। आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम इसका प्रमाण है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री इन दिनों इस योजना के तहत विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं और प्रदेश की जनता को करोड़ों की परियोजनाओं का तोहफा भी दे रहे हैं।
WhatsApp पर हमसे जुड़ें. इस लिंक पर क्लिक करें.
सीएम सोरेन से लोगों को काफी उम्मीदें: पार्टी प्रवक्ता
विनोद पांडेय आगे कहते हैं, राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोग बड़ी संख्या में शिविरों में आ रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज पर राज्य की जनता मुहर लगाएगी। झारखंड मुक्ति मोर्चा हर चुनौतियों के लिए भी तैयार है।
अगले साल प्रदेश में होगा चुनाव
बता दें कि झारखंड विधानसभा के सभी 81 सीटोंं पर चुनाव के लिए अगला झारखंड विधानसभा चुनाव नवंबर-दिसंबर 2024 में होने वाला है। चूंकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव दोनों इसी साल होंगे इसलिए राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग पार्टियों की तैयारियां तेज हैं।
एक तरफ झामुमो प्रधान हेमंत सोरेन जनता के बीच जाकर उन्हें अपनी पार्टी की उपलब्धियां गिना रहे हैं, वहीं प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने पार्टी के सत्ता में आने पर एनआरसी कराने का वादा किया है।