यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 04, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Lok Sabha Chunav Result : झारखंड में भाजपा को कितना हुआ नुकसान? यहां समझें पूरा गणित
Jharkhand Lok Sabha Chunav Result 2024 झारखंड में भारतीय जनता पार्टी ने भले ही 14 में से करीब 8 सीटें जीत ली हैं। परंतु यहां उसे पिछले चुनाव की तुलना ...और पढ़ें

HighLights
- झारखंड में एसटी के लिए आरक्षित सभी पांचों सीटों पर भाजपा को मिली हार
- नौ सीटों पर एनडीए तथा पांच सीटों पर आइएनडीआइए का कब्जा
- केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा तथा सांसद गीता कोड़ा की करारी हार
- दुमका में हारीं शिबू सोरेन की बहू सीता सोरेन, भाजपा से लड़ा था चुनाव
राज्य ब्यूरो, रांची। Jharkhand Lok Sabah Chunav Result : लोकसभा चुनाव में झारखंड में भाजपा को तीन सीटों का नुकसान हुआ है। इसे यहां की 14 सीटों में इस बार आठ सीटें ही मिली हैं। वहीं, झामुमो तथा कांग्रेस को इस चुनाव में बढ़त मिली है।
झामुमो ने तीन तथा कांग्रेस ने एक सीट पर कब्जा किया। भाजपा के सहयोगी दल आजसू ने अपनी एक सीट बरकरार रखी है। आइएनडीआइए में सम्मिलित राजद का खाता नहीं खुला। इस तरह, यहां एनडीए को नौ तथा आइएनडीआइए को पांच सीटें मिली हैं।
2019 में भाजपा को 11 सीटें मिली थीं
पिछले चुनाव में भाजपा को यहां 11 सीटें मिली थीं। इस तरह इसे तीन सीटों का नुकसान हुआ। एसटी के लिए आरक्षित सभी पांच सीटों सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा, राजमहल तथा दुमका पर भाजपा प्रत्याशियों की हार हुई।
अपनी परंपरागत सीटों खूंटी और लोहरदगा के साथ-साथ दुमका भी भाजपा के हाथ से निकल गई। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा खूंटी से चुनाव हार गए। कांग्रेस के कालीचरण मुंडा ने उन्हें एक लाख से अधिक मतों से हराया।
गीता कोड़ा को मिली बड़ी हार
वहीं, कांग्रेस छोड़ भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाली गीता कोड़ा को भी बड़ी हार का सामना करना पड़ा। चुनाव से ठीक पहले भाजपा में सम्मिलित होकर चुनाव लड़नेवाली झामुमो के अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन भी कड़े मुकाबले में चुनाव हार गईं।
खबरें और भी
भाजपा ने इस चुनाव में पांच सीटों पर वर्तमान सांसदों को टिकट नहीं देकर प्रत्याशी बदल दिया था। इनमें तीन धनबाद, चतरा और हजारीबाग पर इसकी जीत हुई, जबकि दो सीटों लोहरदगा और दुमका में हार का सामना करना पड़ा।
इस बार नौ वर्तमान सांसदों ने चुनाव लड़ा था, जिनमें दो केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा तथा गीता कोड़ा की हार हो गई। इस लोकसभा चुनाव में 12 विधायकों ने भी अपना भाग्य आजमाया था। इनमें तीन विधायकों को ही जीत मिल पाई है। नौ विधायकों को हार का सामना करना पड़ा है।
इन सांसदों ने बचाई अपनी सीट
| सांसद | सीट | दल |
| वीडी राम | पलामू | भाजपा |
| विद्युत वरण महतो | जमशेदपुर | भाजपा |
| अन्नपूर्णा देवी | कोडरमा | भाजपा |
| चंद्रप्रकाश चौधरी | गिरिडीह | आजसू |
| संजय सेठ | रांची | भाजपा |
| निशिकांत दुबे | गोड्डा | भाजपा |
| विजय हांसदा | राजमहल | झामुमो |
ये सांसद नहीं बचा पाए अपनी सीट
| सांसद | सीट | दल |
| अर्जुन मुंडा | खूंटी | भाजपा |
| गीता कोड़ा | सिंहभूम | भाजपा (ये कांग्रेस के टिकट पर चुनी गई थीं) |
ये पहुंचेंगे दिल्ली
| नेता | दल |
| जोबा मांझी | झामुमो |
| मनीष जायसवाल | भाजपा |
| ढुलू महतो | भाजपा |
इन नेताओं को मिली हार
| प्रत्याशी | दल |
| सीता सोरेन | भाजपा |
| प्रदीप यादव | कांग्रेस |
| विनोद कुमार सिंह | भाकपा माले |
| जेपी पटेल | कांग्रेस |
| मथुरा महतो | झामुमो |
| समीर मोहंती | झामुमो |
| लोबिन हेम्ब्रम | निर्दलीय |
| चमरा लिंडा | निर्दलीय |
पिछले चुनाव की तुलना में इस बार प्रमुख दलों की जीत स्थिति
| पार्टी | 2019 | 2024 |
| भाजपा | 11 | 08 |
| आजसू | 01 | 01 |
| झामुमो | 01 | 03 |
| कांग्रेस | 01 | 02 |
| राजद | 00 | 00 |
किस प्रमुख दल के कितने प्रत्याशी, कितने जीते-कितने हारे
| दल | प्रत्याशी | जीते | हारे |
| एनडीए | |||
| भाजपा | 13 | 08 | 05 |
| आजसू | 01 | 01 | 00 |
| आइएनडीआइए | |||
| कांग्रेस | 07 | 02 | 05 |
| झामुमो | 05 | 03 | |
| राजद | 01 | 00 | 01 |
| भाकपा माले | 01 | 00 | 01 |
यह भी पढ़ें
Jharkhand Lok Sabha Election: झारखंड से इस बार भी दो ही महिला पहुंचेंगी लोकसभा, इन सीटों पर दर्ज की जीत
Lok Sabha Election 2024: झारखंड में रणनीतिक बढ़त लेने में सफल रही कांग्रेस, झामुमो के साथ इन सीटों पर दिखाया दम