Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Ranchi: BJP राष्ट्रीय प्रवक्ता का बड़ा आरोप- हेमंत सरकार में 77 हजार करोड़ का घोटाला, JMM ने किया तीखा पलटवार

    By Pradeep singhEdited By: Mohit Tripathi
    Updated: Tue, 26 Sep 2023 08:35 PM (IST)

    भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जफर इस्लाम ने दावा किया है कि राज्य में हेमंत सोरेन सरकार ने 77 हजार करोड़ का घोटाला किया है। प्रदेश कार्यालय ...और पढ़ें

    भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने हेमं सरकार पर लगाए गंभीर आरोप।
    भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने हेमं सरकार पर लगाए गंभीर आरोप।

    HighLights

    1. हेमंत सरकार में 77 हजार करोड़ का घोटाला - जफर इस्लाम।
    2. कहा- दिल्ली और पटना में लूट की राशि का किया जा रहा बंटवारा।

    राज्य ब्यूरो, रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जफर इस्लाम ने दावा किया है कि राज्य में हेमंत सोरेन सरकार ने 77 हजार करोड़ का घोटाला किया है। प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आरोपों की बौछार करते हुए उन्हें करप्शन के स्लीपर सेल का इंचार्ज तक बताया।

    उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के आका दिल्ली और पटना में बैठे हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, लालू यादव, नीतीश कुमार, मल्लिकार्जुन खड़गे आदि सभी के सहयोग से इस प्रदेश की संपत्ति लूटी जा रही है और बंटवारा भी किया जा रहा है।

    राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड में अधिकारी और बिचौलिए मिलकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। मंत्री आलमगीर आलम को भी उन्होंने भ्रष्टाचार में लिप्त बताया।

    ईडी के सवालों से चाहे जितना भाग लें...

    जेल में बंद आइएएस अधिकारी पूजा सिंघल, छवि रंजन समेत कई अन्य वरीय आइएएस अधिकारियों के नाम गिनाते हुए जफर इस्लाम ने कहा कि भ्रष्टाचार में सबकी भागीदारी है।

    हेमंत सोरेन ने सीबीआई को 108 संपत्ति का ब्यौरा दिया है। कई संपत्तियों को ये खुद भूल गए हैं। ये राज्य के कई जिले के निवासी बने हुए हैं। हर जिले में इनकी रजिस्ट्री हो जाती है।

    जफर ने कहा कि वे ईडी के सवालों से जितना भी भागना चाहें, भाग लें परंतु उनकी जगह सलाखों में है। आज नहीं तो कल ऐसा होगा। तहकीकात जारी है। आगे कई चीजें सामने आएगी। एजेंसी अपना काम कर रही है।

    पूजा सिंघल को बताया लूट का आर्किटेक्ट

    जफर इस्लाम ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी आम महिला और आम जनता को मजबूत नहीं किया। हेमंत सोरेन एक कदम और आगे निकल गए। उनकी सरकार ने तो घोटाले करने वाली पूजा सिंघल जैसी महिला को मजबूत करने का काम किया। पूरे राज्य का पैसा लूटा जा रहा है और पूजा सिंघल इस लूट की आर्किटेक्ट हैं।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि घमंडिया गठबंधन के दलों ने अपने घर की महिलाएं या जिससे उस दल को फायदा होता था, उसको मजबूत करने का काम किया। भाजपा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाकर महिलाओं को मजबूती प्रदान की। कांग्रेस ने महिलाओं को 70 साल तक गुमराह किया।

    डर गई है भाजपा: झामुमो

    राज्य ब्यूरो, रांची: भाजपा के आरोपों पर सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी पलटवार किया है। महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा डर गई है और इसी वजह से अपने नेताओं से अनाप-शनाप कहवा रही है। झारखंड और यहां के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली के निशाने पर हैं।

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नया पेसा कानून लाने जा रहे हैं। फिर से जल, जंगल और जमीन पर ग्रामसभा का अधिकार हो जाएगा। इसका डर अब भाजपा और उसके कारपोरेट साथियों को सताने लगा है। इनका जंगल और जमीन में प्रवेश थम जाएगा। इससे पूरी भाजपा भयभीत है।

    सुप्रियो ने कहा कि भाजपा कभी नहीं चाहती है कि आदिवासी, दलित, किसान, गरीब, पिछड़ा और अल्पसंख्यकों को उनका अधिकार मिले। भाजपा राजनीतिक रूप से तो मुकाबला नहीं कर सकती, इसलिए कभी जांच एजेंसियों को तो कभी अपने बड़बोले नेताओं को आगे कर भ्रम फैलाती है। हमलोग इससे भयभीत होने वाले नहीं हैं। जनता सभी का जवाब देगी। 2024 आने वाला है।

    उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा हाई कोर्ट में दायर याचिका में डिफेक्ट संबंधी बातों पर कहा कि यह न्यायिक प्रक्रिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के बारे में अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की खिंचाई करते हुए कहा कि वे भाषा और शब्दों के चयन पर लगाम लगाएं। बाबूलाल और उनके दल के नेता रमेश बिधूड़ी की भाषा नहीं बोलें।

    कहां से आंकड़े लाए हैं जफर

    राज्य ब्यूरो, रांची: भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आरोपों की झड़ी लगाने को कांग्रेस ने भी गंभीरता से लिया है। कांग्रेस के जामताड़ा से विधायक डा. इरफान अंसारी ने कहा कि 77 हजार करोड़ के घोटाले की बात करने वाले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जफर इस्लाम कहां से आंकड़े लेकर आए हैं। इतना तो राज्य का बजट है। उन्हें इसका स्त्रोत भी बताना चाहिए।

    इरफान अंसारी ने कहा कि पूजा सिंघल को क्लीनचिट रघुवर दास की सरकार ने दिया। झारखंड को भाजपा ने उपनिवेश बनाकर इतने सालों तक लूटा है। सबसे ज्यादा समय तक राज्य में भाजपा शासन में रही और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राजनीतिक तौर पर मुकाबला भाजपा नहीं कर पाई तो पहले ईडी को लगाया और अब इसके बाद अपने नेताओं से अनाप-शनाप बातें कहवा रही है।

    उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता ने नकार दिया था। 2024 में झारखंड से भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। भाजपा में पिछले दरवाजे से गए बाबूलाल मरांडी मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। उनका सपना चकनाचूर हो जाएगा। पूरे देश में भाजपा के खिलाफ लहर चल रही है। ये विरोध करने वाले नेताओं का मुंह बंद करने की साजिश रच रहे हैं। जनता इन्हें जवाब देगी।

    यह भी पढ़ें: कांटाटोली फ्लाईओवर का काम 28 सितंबर तक होगा पूरा, राहगीरों की परेशानी को देखते हुए सिटी एसपी ने दिया निर्देश

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार बने रहेंगे अमित खरे, झारखंड कैडर के IAS अधिकारी रहे हैं खरे