रांची रेल मंडल में CBI की कार्रवाई तेज, चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी के बाद सीनियर डीसीएम शुचि सिंह पर शिकंजा
CBI ने रांची रेल मंडल में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सीनियर डीसीएम शुचि सिंह का मोबाइल जब्त कर उनसे पूछताछ की गई है, उनकी संलिप्तता की ...और पढ़ें

हिमांशु शेखर को रिमांड पर लेकर रांची रेल मंडल में भ्रष्टाचार की तह खंगालेगी सीबीआई।
HighLights
भ्रष्टाचार मामले में शुचि सिंह की संलिप्तता पर CBI की जांच जारी।
सीनियर डीसीएम शुचि सिंह का तबादला, श्रेया सिंह को मिला चार्ज।
इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर रिश्वत मामले में गिरफ्तार, रिमांड की तैयारी।
राज्य ब्यूरो, रांची। दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल में भ्रष्टाचार के विरुद्ध सीबीआई की कार्रवाई दूसरे दिन यानी गुरुवार को भी जारी रही। सीबीआइ ने रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम शुचि सिंह का मोबाइल भी जब्त किया है।
उनसे सीबीआई ने पूछताछ भी की है। रांची रेल मंडल में भ्रष्टाचार में शुचि सिंह की संलिप्तता के बिंदु पर भी सीबीआई ने जांच तेज की है। उनके मोबाइल से भी सीबीआई डेटा निकालेगी और उसकी जांच करेगी।
एक दिन पहले सीबीआई ने उनके कार्यालय में कार्यरत मुख्य कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। वे एक ठेकेदार अजय त्यागी से उनके 8.70 लाख रुपये के लंबित बिल को पास करने के एवज में रिश्वत में उक्त राशि मांगी थी।
गिरफ्तारी के बाद हिमांशु शेखर की निशानदेही पर उनके आवास पर भी छापेमारी हुई थी, जहां से डिजिटल उपकरण व अन्य दस्तावेज मिले थे। सभी दस्तावेज की जांच कर सीबीआई भ्रष्टाचार की तह तक जाने की तैयारी में है।
सीबीआई को शक है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध जांच की आंच रांची रेल मंडल के अन्य अधिकारियों तक भी पहुंचेगी। कमीशन घोटाले का यह खेल किसी एक व्यक्ति या कर्मचारी के स्तर पर संभव नहीं है। इसमें कई अन्य का भी सहयोग अवश्य होगा।
रेलवे ने की कार्रवाई, शुचि सिंह का किया तबादला
सीबीआई की छापेमारी, सीनियर डीसीएम शुचि सिंह से पूछताछ व उनकी मोबाइल जब्ती आदि के बाद बढ़ता विवाद देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने शुचि सिंह को सीनियर डीसीएम के पद से हटा दिया है।
खबरें और भी
उन्हें रांची में पीओ, आरसीटी के पद पर स्थानांतरित किया गया है। उनके स्थान पर रांची की पीओ आरसीटी श्रेया सिंह को को सीनियर डीसीएम बनाया गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के गार्डेन रीच रोड कोलकाता स्थित मुख्यालय से इससे संबंधित गुरुवार को पत्र भी जारी कर दिया गया है।
हिमांशु शेखर को रिमांड पर लेगी CBI, पूछताछ में खुलेंगे कई राज
रांची के हटिया स्थित डीआरएम कार्यालय के पास से बुधवार को गिरफ्तार मुख्य कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर की गिरफ्तारी के बाद से ही सीबीआइ की जांच जारी है।
सीबीआई की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने हिमांशु शेखर को सीबीआइ की रांची स्थित विशेष अदालत में पेश की, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
CBI जल्द ही हिमांशु शेखर को रिमांड पर लेगी, ताकि रांची रेल मंडल में भ्रष्टाचार के बिंदु पर गहन पूछताछ की जा सके।
यह भी पढ़ें- रेलवे इंस्पेक्टर 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI की बड़ी कार्रवाई; रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम से पूछताछ
यह भी पढ़ें- खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग रांची में 3.89 करोड़ का घोटाला, ईडी ने छह आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल की