रेलवे इंस्पेक्टर 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI की बड़ी कार्रवाई; रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम से पूछताछ
रांची में सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ् ...और पढ़ें

रांची के हटिया स्थित डीआरएम कार्यालय के समीप छापेमारी कर अरेस्टिंग। (फोटो: सांकेतिक)
HighLights
8.70 लाख लंबित बिल क्लियर करने के लिए मांगी थी रिश्वत।
रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम से भी की गई पूछताछ।
राज्य ब्यूरो, रांची। सीबीआई की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने बुधवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
उनकी गिरफ्तारी रांची के हटिया स्थित डीआरएम कार्यालय के समीप छापेमारी के दौरान सीबीआई ने की है। इस कांड के शिकायतकर्ता अजय त्यागी हैं। उन्होंने सीबीआई में आरसी-5 (ए), 2026-आर में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उन्होंने दर्ज शिकायत में बताया है कि वे रेलवे में ठेकेदारी करते हैं। उनका करीब 8.70 लाख रुपये का बिल रेलवे में लंबित है। उस बिल को पास करने के एवज में आरोपित हिमांशु शेखर ने उक्त राशि की मांग की थी।
रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम शुचि सिंह से भी पूछताछ हुई। सीबीआई ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
डीआरएम कार्यालय के पास सीबीआई ने जाल बिछाया
शिकायत दर्ज करने के बाद सीबीआई ने शिकायत का सत्यापन कराया तो मामला सही पाया। इसके बाद बुधवार को डीआरएम कार्यालय के पास सीबीआई ने जाल बिछाया और रिश्वत के 50 हजार रुपये को लेते हुए हिमांशु शेखर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
दक्षिण पूर्व रेलवे के चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआइ उनसे जुड़े ठिकानों पर तलाशी ले रही है। इस मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
केंद्रीय लोक उपक्रमों में भ्रष्टाचार की करें शिकायत
सीबीआई ने आम जनता से अपील की है कि केंद्र सरकार के कार्यालयों, केंद्रीय लोक उपक्रमों, बीमा कंपनियों, सीसीएल, रेलवे आदि में किसी भी तरह के भ्रष्टाचार का मामला हो तो उसकी शिकायत सीबीआई से करें।
इसके लिए सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के फोन नंबर 0651-2360093 व मोबाइल नंबर 9470590422 पर काल किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- झारखंड में रामनवमी की छुट्टी अब 27 मार्च को, आदेश जारी; सचिवालय और बैंकों में तीन दिन का अवकाश
यह भी पढ़ें- झारखंड HC का फैसला: सहायक आचार्य नियुक्ति पर JSSC ले निर्णय, गोड्डा होमगार्ड नियुक्ति परिणाम पर रोक