पुरनाडीह सीसीएलकर्मी का निधन, आश्रित को अनुकंपा पर नौकरी देने पर बनी सहमति
सीसीएल की पुरनाडीह परियोजना में कार्यरत रामेश्वर गंझू का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। ...और पढ़ें
-1784749579265_m.webp)
प्रबंधन से वार्ता के दौरान रैयत विस्थापित मोर्चा के पदाधिकारी एवं यूनियन प्रतिनिधि। (जागरण)
संवाद सूत्र, खलारी। सीसीएल एनके एरिया की पुरनाडीह परियोजना में कार्यरत सीसीएलकर्मी रामेश्वर गंझू की बुधवार को हृदय गति रुकने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में ड्यूटी करने के बाद वे बाइक से लंच के लिए धमधमिया स्थित अपने सीसीएल क्वार्टर लौट रहे थे।
इसी दौरान करकट्टा दुर्गा मंडप की ओर जाने वाले मार्ग में उनकी बाइक खड़ी मिली, जबकि वे सड़क पर गिरे हुए पाए गए। स्थानीय लोगों और सीआईएसएफ की टीम की मदद से उन्हें तत्काल डकरा केंद्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपनी पत्नी के साथ धमधमिया स्थित सीसीएल क्वार्टर में रहते थे। उनका पैतृक निवास लातेहार जिले के बरियातू प्रखंड अंतर्गत बरनी टोला हरदिया गांव में है।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही रैयत विस्थापित मोर्चा, विभिन्न ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। वही मृतक के स्वजन भी आए।
प्रतिनिधियों ने सीसीएल प्रबंधन से मृतक के आश्रित को तत्काल नौकरी देने की मांग की। इस मांग को लेकर कुछ समय के लिए कई परियोजना का कार्य भी प्रभावित रहा।
अनुकंपा पर नौकरी
बाद में देर शाम एनके एरिया के महाप्रबंधक एके तिवारी की उपस्थिति में रैयत विस्थापित मोर्चा, यूनियन प्रतिनिधियों एवं सीसीएल प्रबंधन के बीच वार्ता हुई।
वार्ता में मृतक के पुत्र रामजीत गंझू को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने पर सहमति बनी। समाचार लिखे जाने तक नियुक्ति पत्र जारी करने की प्रक्रिया चल रही थी।
वार्ता में सीसीएल अधिकारियों के अलावा रैयत विस्थापित मोर्चा के एरिया अध्यक्ष बिगन भोगता, श्रमिक नेता सुनीलकुमार सिंह, रामलखन गंझू, गोल्डेनप्रसाद यादव, प्रेम कुमार, अमृत भोगता, देवपाल मुंडा, रतिया गंझू, इरफान खान, तुमांग मुखिया, संतोषकुमार महली, पंचायत समिति सदस्य सहदेव महली, प्रभाकर गंझू, दामोदर गंझू, ध्वजाराम धोबी, अनूप रजक, तौहीद अंसारी, अमर भोगता, गणेश मोदी, भरत रजक सहित अन्य लोग मौजूद थे।