मैं भी युवा हूं, छात्रों के साथ न्याय भी होगा और मेधा घोटाले के दोषियों को कड़ी सजा भी मिलेगी: हेमंत
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में आदिवासी महोत्सव के उद्घाटन के दौरान जेपीएससी आंदोलनकारी छात्रों को न्याय और दोषियों को कड़ी सजा का आश्वासन दिया। ...और पढ़ें

आदिवासी महोत्सव में झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री, हेमंत सोरेन ने जेपीएससी मुद्दे पर आंदोलन कर रहे छात्रों को न्याय का दिया भरोसा।
HighLights
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने JPSC छात्रों को न्याय का आश्वासन दिया।
दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी, सरकार ने चोरी पकड़ी है।
राज्यपाल ने आदिवासी समाज के योगदान और सम्मान पर जोर दिया।
राज्य ब्यूरो, रांची। आदिवासी महोत्सव झारखंड को पूरे विश्व में पहचान दे रहा है। यहां के 32 जनजातियों की संस्कृति और आजादी के आंदोलन में बलिदान हुए आदिवासी नायकों को इस महोत्सव के जरिए वैश्विक सम्मान मिला है। महोत्सव में कार्यक्रमों और गतिविधियों से आदिवासी समाज की समृद्ध विरासत को दुनियाभर में अलग स्थान मिला है।
रविवार को मोरहाबादी मैदान में आदिवासी महोत्सव के उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि देशभर से हजारों आदिवासी कलाकार अपने हुनर, परंपरा और अनुभव को महोत्सव में बताने आए हैं।
आदिवासी समाज अपनी विरासत को बचाते हुए बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के भाषण में जेपीएससी व जेएसएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितता के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर सरकार की संवेदनशील पहल का पूरा जिक्र शामिल था।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि युवाओं और छात्रों के साथ न्याय होगा और दोषी लोगों को कड़ी सजा भी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह भी युवाओं और छात्रों के समान हैं। युवाओं की चिंता उनकी चिंता है। छात्रों को उनपर पूरा भरोसा रखना चाहिए। राज्य सरकार ने ही चोरी पकड़ी है। दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।
लाठी-गोली का प्रयोग देश के दुश्मनों के विरुद्ध न कि अपनों के विरुद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक महत्वाकांक्षा में युवाओं को दिग्भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से ऐसे लोगों से बचने की सलाह दी। कहा कि ऐसे लोग कभी चेहरा छिपाकर तो कभी पर्दे के पीछे गलत संदेश देने का काम करते हैं।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि हर समस्या का समाधान संवाद से ही संभव है। लाठी, गोली, डंडा से समाधान नहीं। इनका प्रयोग देश के दुश्मनों के विरुद्ध होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा से संबंधित पूरे विषय को राजनीतिक रूप से देखने की आवश्यकता नहीं है, और न ही युवाओं को किसी राजनीतिक छत्रछाया की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को दिग्भ्रमित करने में केवल सामान्य लोग ही नहीं, बल्कि बड़े-बड़े विद्वान, पढ़े-लिखे और ज्ञानी लोग भी सम्मिलित हैं।
घर बैठे युवाओं की बात भी सुनेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिस्टम को ठीक करने के लिए घर में बैठे युवाओं से भी सुझाव लेगी। बाबा साहेब आंबेडकर ने जो संविधान दिया है उसके जरिए राज्य में असमानता मिटाना है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और लोकतंत्र की रक्षा में आदिवासी वीरों की बड़ी भूमिका है। आदिवासी समाज जल जंगल और जमीन का उपासक है।
हमें गर्व है कि हम आदिवासी हैं। सबको न्याय दिलाना सरकार का कर्तव्य है। राज्य सरकार उसका पालन करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सवा तीन करोड़ जनता के हित में सरकार को काम करना है।
गांव से लेकर शहर तक और ज्यादा शिक्षित से लेकर कम पढ़े लिखे तक सबकी चिंता सरकार कर रही है। नौजवानों ने जो हिम्मत दिखाई है वह इसका परिचायक है कि उन्हें सरकार से न्याय की उम्मीद है।
जनजातीय समाज ने प्रकृति का संवर्धन किया है: राज्यपाल
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस अवसर पर कहा कि जनजातीय समाज ने प्रकृति का संरक्षण किया है। आदिवासी जीवन दर्शन संपूर्ण मानवता के लिए राह दिखाने वाला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड के सपूत भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को आदिवासी गौरव दिवस के रुप में देशभर में मनाने का निर्णय लेकर समाज को सम्मान दिया है।
आदिवासी समाज के कल्याण के लिए केंद्र सरकार हजारों करोड़ की योजनाएं चला रही है। राज्यपाल ने इस अवसर पर शिबू सोरेन को केंद्र सरकार द्वारा पद्मभूषण दिए जाने का उल्लेख किया और उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता जताई।
उन्होंने जनजातीय समाज से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। पांचवीं अनुसूची के तहत राज्यपाल को मिले अधिकारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन संवैधानिक दायित्वों को वो पूरी तरह पालन करेंगे।
जेपीएससी मामले में मुख्यमंत्री गंभीर, संवाद से निकलेगा हल
छात्र आंदोलन पर बात रखते हुए राज्यपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री इस दिशा में गंभीर हैं। छात्रों को संवाद के जरिए इस मामले का हल निकालना चाहिए।
आदिवासी महोत्सव में राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, सिल्ली विधायक अमित महतो, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 
यह भी पढ़ें- Jharkhand Adivasi Mahotsav: पारंपरिक खानपान, फैशन शो से लेकर फिल्म स्क्रीनिंग तक; रांची के मेगा इवेंट की खास बातें
यह भी पढ़ें- Ranchi Protest: जो घर पर सो रहे हैं, वैसे राजनीतिक संगठनों से ज्ञापन ले रही है सरकार, भड़के आंदोलनरत छात्र