संवाद के जरिए छात्र आंदोलन का समाधान चाहते हैं राहुल गांधी, झारखंड में कांग्रेसी मंत्रियों ने कहा- भाजपा के आरोप निराधार
झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने छात्र आंदोलन में राहुल गांधी पर भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी संवाद के जरि ...और पढ़ें

छात्र आंदोलन पर कांग्रेस ने राहुल गांधी पर भाजपा के आरोप खारिज किए।
HighLights
कांग्रेस ने राहुल गांधी पर भाजपा के छात्र आंदोलन आरोपों को नकारा।
राहुल गांधी छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद से चाहते हैं।
कहा- भाजपा ही विधानसभा में छात्र मुद्दे पर चर्चा से बच रही थी।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने छात्र आंदोलन में राहुल गांधी पर लगाए भारतीय जनता पार्टी के आरोपों को निराधार बताया है।बुधवार को राज्य के मंत्री राधा कृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, डाॅ. इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उपर लगाए आरोप का खंडन किया।
वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान राज्य सरकार सदन के अंदर इसकी चर्चा कराना चाहती थी। लेकिन विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी अपने सभी विधायकों के साथ सुबह 07 बजे से ही मुख्यमंत्री के आवास के समक्ष धरने पर बैठ गए। भाजपा की मंशा छात्रों के मुद्दे पर चर्चा करने की नहीं थी।
सरकार आंदोलन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग या किसी भी हिंसा के खिलाफ थी और जिला प्रशासन और राज्य की सरकार ने इसमें बहुत ही संयम और धैर्य बरता। जबकि आंदोलनरत छात्रों ने ही स्वीकार किया कि आंदोलन में बाहरी उपद्रवी तत्व घुस गये थे जिन्होंने हिंसा को अंजाम दिया।
इसी बाबूलाल मंराडी ने मुख्यमंत्री के अपने कार्यकाल में आंदोलनकारियों पर गोली चलवाने का काम किया था। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सीबीआइ द्वारा 2015 से अब तक 17 परीक्षाओं की जांच सौंपी गई है।
2026 में अभी तक सीबीआई द्वारा जांच की प्रगति शून्य है। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि छात्र आंदोलन को भाजपा हिंसक बनाने का प्रयास कर रही है, जबकि राहुल गांधी और राज्य की सरकार संवाद के माध्यम से एक ठोस समाधान की ओर बढ़ चुके हैं।