By sanjay krishnaEdited By: Aysha Sheikh
Updated: Sun, 17 Dec 2023 02:07 PM (IST)
Jharkhand News झारखंड चैंबर के रेलवे उपसमिति की बैठक में सदस्यों ने झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का विस्तार जयपुर तक करने और रांची से अयोध्या के ब ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, रांची। चैंबर भवन में शनिवार को झारखंड चैंबर के रेलवे उपसमिति की हुई बैठक में रांची रेलमंडल में परिचालित ट्रेनों में साफ-सफाई की व्यवस्था पर नाराजगी जताई गई। चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में कोच व शौचालय की सफाई व्यवस्था व यात्रियों को गंदे बेडरोल मिलने की शिकायतें नियमित रूप से हमारे संज्ञान में आ रही हैं।
ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों द्वारा इंटरनेट मीडिया पर इसकी शिकायतें भी की जाती हैं किंतु चिंतनीय है कि इस दिशा में रांची रेल प्रशासन द्वारा अब तक कोई गंभीर कार्रवाई नहीं की गई है। रेल प्रशासन को इसकी समीक्षा करनी चाहिए।
साफ-सफाई की बनी हुई अव्यवस्था
चैंबर महासचिव परेश गट्टानी और उप समिति चेयरमैन सह डीआरयूसीसी के सदस्य नवजोत अलंग ने कहा कि राजधानी के अलावा कुछ अन्य प्रमुख ट्रेनों हावडा-रांची इंटरसिटी, तपस्विनी एक्सप्रेस और क्रिया योगा एक्सप्रेस में भी साफ-सफाई की अव्यवस्था बनी हुई है। ट्रेन में आन बोर्ड हाउस कीपिंग स्टाफ पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं हैं जिस कारण, यह समस्या निरंतर बनी हुई है।
चैंबर ने डीआरएम से पत्राचार कर इस मामले में हस्तक्षेप का आग्रह किया। सदस्यों ने झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का विस्तार जयपुर तक करने और रांची से अयोध्या के बीच नई सुपरफास्ट ट्रेन परिचालित करने की आवश्यकता को भी जरूरी बताया। बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव शैलेष अग्रवाल, सदस्य विकास झाझरिया के अलावा अन्य सदस्य उपस्थित थे।