झारखंड के युवाओं के लिए खुशखबरी! स्किल ट्रेनिंग के बाद अब नौकरी दिलाने के लिए एफजेसीसीआई और जेएसडीएमएस ने मिलाया हाथ
एफजेसीसीआई और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी ने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए ह ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होंगे।
जागरण संवाददाता रांची। राज्य के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी (जेएसडीएमएस) के बीच मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते का उद्देश्य उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति देना है। एमओयू पर एफजेसीसीआई की ओर से अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा तथा झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी की ओर से मिशन निदेशक-सह-मुख्य परिचालन पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार लाल ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर एफजेसीसीआई के महासचिव रोहित अग्रवाल, उपाध्यक्ष राम बंगार एवं प्रवीण लोहिया, स्किल डेवलपमेंट सब-कमिटी के चेयरमैन प्रियंक भगत और आलोक कुमार मौजूद रहे। वहीं जेएसडीएमएस की ओर से फाइनेंस मैनेजर राजन वास्तव, आपरेशन मैनेजर अमित प्रजापति था यूएनडीपी के प्रोजेक्ट हेड राजीव खरे भी उपस्थित थे।
समझौते के तहत झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी मुख्यमंत्री सारथी योजना (एमएमएसवाई) के अंतर्गत प्रशिक्षित एवं प्रमाणित युवाओं को एफजेसीसीआई से जुड़े उद्योगों और प्रतिष्ठानों में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेगी।
इसके अलावा उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण, औद्योगिक भ्रमण, आन-द-जाब ट्रेनिंग, अतिथि व्याख्यान व रोजगारोन्मुखी पढ़ाई का निर्माण में दोनों संस्थाएं मिलकर काम करेंगी। यह एमओयू प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे आपसी सहमति से आगे भी बढ़ाया जा सकेगा।
खबरें और भी
समझौते के तहत एफजेसीसीआई अपने सदस्य उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा। साथ ही चयनित युवाओं को समय पर वेतन, न्यूनतम वेतनमान और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मिल सके।
इस अवसर पर एफजेसीसीआई अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह साझेदारी झारखंड के युवाओं को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे एक ओर उद्योगों को दक्ष एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा, वहीं दूसरी ओर राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
एफजेसीसीआई के महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी के साथ यह सहयोग राज्य के युवाओं, उद्योग जगत और समग्र आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से कौशल विकास और रोजगार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा व झारखंड के युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा।