Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रेमिका ने किया इनकार तो टावर पर चढ़ा प्रेमी, गढ़वा पुलिस और ग्रामीणों की 9 घंटे तक अटकी रहीं सांसें

    Updated: Sat, 02 May 2026 06:35 PM (IST)

    गढ़वा के रंका में एक प्रेमी अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर 145 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर 9 घंटे तक चढ़ा रहा। रिश्तेदार के समझाने पर वह नीचे ...और पढ़ें

    घटना स्‍थल पर ग्रामीणों की उमड़ी भीड़।

    घटना स्‍थल पर ग्रामीणों की उमड़ी भीड़।

    HighLights

    1. प्रेमी शादी की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा।

    2. 145 फीट ऊंचे टावर पर 9 घंटे का ड्रामा।

    3. रिश्तेदार के आश्वासन पर युवक सुरक्षित नीचे उतरा।

    संवाद सूत्र, रंका (गढ़वा)। झारखंड के गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के खपरो गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक फिल्मी अंदाज में अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर 145 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू हुआ यह हाई वोल्टेज ड्रामा शाम 5 बजे तक, यानी करीब 9 घंटे तक चला। 
     

    क्या है पूरा मामला? 

    अंततः एक रिश्तेदार के आश्वासन के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतरा, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। मिली जानकारी के अनुसार, खपरो गांव निवासी खुर्शीद अंसारी का पुत्र असद्दुल्लाह अंसारी पिछले तीन वर्षों से पड़ोस के गांव मानपुर की एक युवती से प्रेम करता था। 
     
    दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी उनके परिजनों को भी थी। बताया जाता है कि असद्दुल्लाह दूसरे राज्यों में मजदूरी कर अच्छी कमाई करता था और अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा अपनी प्रेमिका और उसके घरवालों पर खर्च करता था।
     

    पारिवारिक विवाद के कारण बिगड़ी बात

    करीब डेढ़ महीने पहले दोनों परिवारों की रजामंदी से शादी की बातचीत शुरू हुई थी, लेकिन इसी बीच पारिवारिक विवाद के कारण असद्दुल्लाह के दादा शहाबुद्दीन अंसारी ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया। रिश्ता टूटने के बाद युवती के पिता ने अपनी बेटी की शादी दूसरी जगह तय कर दी।
     
    युवती की शादी दूसरी जगह तय होने की सूचना मिलने पर असद्दुल्लाह ने कड़ा विरोध जताया। मामला रंका थाना पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच सुलह और शादी की सहमति बनी। 
     
    हालांकि, शादी में हो रहे विलंब और परिवारों के बीच खिंचतान से आहत होकर प्रेमिका ने असद्दुल्लाह से शादी करने से साफ मना कर दिया। युवती ने यहां तक चेतावनी दी कि यदि उसकी जबरन शादी असद्दुल्लाह से कराई गई, तो वह आत्महत्या कर लेगी। इसके बाद युवती के परिजनों ने उसका रिश्ता दूसरी जगह पक्का कर दिया।
     

    9 घंटे तक सांसें अटकाए रहा युवक 

    शनिवार सुबह करीब 8 बजे, जब असद्दुल्लाह को पता चला कि युवती की शादी कहीं और होने वाली है, तो वह गांव के ही 145 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। उसने चिल्लाकर धमकी दी कि यदि उसकी शादी प्रेमिका से नहीं कराई गई, तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा। 

     
    सूचना मिलते ही रंका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम मिश्रा और उनकी टीम ने घंटों युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था। 
     

    रिश्तेदार के आश्वासन पर टला संकट 

    मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और असद्दुल्लाह के परिजन अनहोनी की आशंका से डरे-सहमे रहे। शाम करीब 5 बजे, असद्दुल्लाह के दूर के एक रिश्तेदार मोहम्मद खुशबास अंसारी ने टावर के नीचे से उसे सकारात्मक आश्वासन दिया और भावुक अपील की। 
     
    खुशबास की बातों पर भरोसा करते हुए असद्दुल्लाह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया। युवक के सुरक्षित उतरते ही पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और रंका थाना ले गई। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।