झारखंड: दातून तोड़ने गई चाची पर नाबालिग भतीजे की बिगड़ी नीयत, जान बचाकर भागी तो पत्थर से किया हमला
चिनियां थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय भतीजे ने अपनी 32 वर्षीय चाची के साथ छेड़खानी का प्रयास किया और विरोध करने पर पत्थर से हमला कर उन्हें घायल कर दिय ...और पढ़ें

दातून तोड़ने गई चाची पर नाबालिग भतीजे की बिगड़ी नीयत
HighLights
15 वर्षीय भतीजे ने चाची से छेड़खानी का प्रयास किया।
विरोध करने पर पत्थर से हमला कर गंभीर घायल किया।
पीड़िता गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती, गांव में आक्रोश।
संवाद सहयोगी, गढ़वा। चिनियां थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को मानवता को शर्मसार और पवित्र रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां वासना के अंधेपन में एक 15 वर्षीय भतीजे ने अपनी ही 32 वर्षीय चाची के साथ जबरन छेड़खानी का प्रयास किया।
जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया तो वहशी बने किशोर ने पत्थर से हमला कर चाची को लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला सोमवार को अपने घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर दातून तोड़ने गई हुई थी। इसी दौरान सूनेपन का फायदा उठाकर उसकी सगी गोतनी का 15 वर्षीय बेटा वहां पहुंच गया।
किशोर ने अपनी चाची को दबोच लिया और उसे घसीटते हुए पास की झाड़ियों की ओर ले जाने का प्रयास करने लगा। महिला ने इस घिनौनी हरकत का हिम्मत के साथ विरोध किया और खुद को उसकी गिरफ्त से छुड़ाकर भागने लगी।
चाची को चंगुल से छूटकर भागता देख हवस के अंधे किशोर का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने भाग रही महिला पर बेरहमी से पत्थर फेंककर मारना शुरू कर दिया। पत्थर सीधे महिला के सिर और दायीं आंख के बगल में लगे, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल होकर वहीं गिर पड़ी।
खून से लथपथ महिला ने हिम्मत जुटाकर शोर मचाना शुरू किया। महिला की चीख-पुकार सुनकर पास में ही मौजूद उसकी चचेरी सास दौड़कर मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कर महिला की जान बचाई।
इसके बाद स्वजन की मदद से घायल महिला को तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक की देखरेख में उसका उपचार जारी है। घटना के बाद से गांव में इस कृत्य को लेकर भारी आक्रोश है।