Hajj 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू: 20 जुलाई तक भर सकेंगे फॉर्म, पासपोर्ट समेत 4 दस्तावेज जरूरी
झारखंड में हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू हो गई है, जिसकी अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 है।

HighLights
आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू, अंतिम तिथि 20 जुलाई।
हज कमेटी वेबसाइट या 'हज सुविधा' ऐप से करें ऑनलाइन आवेदन।
10 अगस्त 2026 तक जमा करनी होगी ₹1,52,300 की अग्रिम राशि।
जागरण संवाददाता, रांची। हज-2027 पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। झारखंड राज्य हज समिति ने बताया कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर हज कमेटी आफ इंडिया द्वारा हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
राज्य हज समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार हज आवेदन की प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू हो चुकी है, जो 20 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक चलेगी। इच्छुक आवेदक हज कमेटी आफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट तथा ‘हज सुविधा’ मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए वैध भारतीय पासपोर्ट (31 दिसंबर 2027 तक वैध), सफेद पृष्ठभूमि वाला पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा रद चेक तथा निवास प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा।
हज समिति ने बताया कि जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में डिजिटल लाटरी आयोजित की जाएगी। चयनित हज यात्रियों को 10 अगस्त 2026 तक प्रति व्यक्ति 1,52,300 रुपये अग्रिम राशि जमा करनी होगी। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी प्रकार की छूट या समय विस्तार नहीं दिया जाएगा।
समिति ने स्पष्ट किया है कि हज सीट रद करने से संबंधित कई कठिनाइयां उत्पन्न होती हैं। इसलिए आवेदन करने से पहले इच्छुक यात्री पूरी तैयारी और गंभीरता के साथ निर्णय लें। यदि कोई यात्री सीट रद करता है तो निर्धारित नियमों के अनुसार वित्तीय कटौती भी की जा सकती है।
झारखंड राज्य हज समिति ने सभी आवेदकों से हज-2027 से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देशों और गाइडलाइन का अध्ययन करने के बाद ही आवेदन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- झारखंड में आदिवासियों को मछली पालन से मिलेगा आर्थिक संबल, 90% अनुदान से बदल रही तस्वीर
यह भी पढ़ें- झारखंड में बिजली आपूर्ति सुधारने को बनेंगे स्पेशल गैंग, 24 घंटें करेंगे काम
