Railway News: हटिया-राउरकेला समेत 13 जोड़ी ट्रेनें 9 दिनों तक रहेंगी रद, 1 घंटे लेट खुलेगी तपस्विनी एक्सप्रेस
चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा-राउरकेला रेलखंड पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बंडामुंडा-राउरकेला रेलखंड पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य से परिचालन प्रभावित।
24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक 13 जोड़ी ट्रेनें रद्द।
तपस्विनी एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से चलेगी, यात्री असुविधा में।
जागरण संवाददाता, रांची। चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत बंडामुंडा (ए-केबिन) राउरकेला रेलखंड पर नॉन इंटरलाकिंग(एनआई) कार्य के कारण 24 सितंबर से तीन अक्टूबर तक रेल परिचालन व्यापक रूप से प्रभावित रहेगा। इस दौरान हटिया, रांची और राउरकेला होकर चलने वाली कई महत्वपूर्ण यात्री और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद किया गया है, जबकि एक ट्रेन के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है।
इससे झारखंड, ओडिशा, बिहार और उत्तर भारत की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बंडामुंडा-राउरकेला रेलखंड पर नान इंटरलाकिंग कार्य पूरा होने के बाद इस सेक्शन में ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है, लेकिन 10 दिनों तक यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
पैसेंजर ट्रेन पर असर
रेलवे के अनुसार सबसे अधिक असर दैनिक यात्रियों पर पड़ेगा। हटिया-राउरकेला पैसेंजर (58659/58660) 24 सितंबर से तीन अक्टूबर तक विभिन्न तिथियों में पूरी तरह रद रहेगी। इसी तरह हटिया-झारसुगुड़ा मेमू (18175/18176) और टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस (18601/18602) का परिचालन भी प्रभावित रहेगा।
लंबी दूरी की ट्रेन पर असर
लंबी दूरी की ट्रेनों में सम्बलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस (18309/18310), राउरकेला-जयनगर एक्सप्रेस (18105/18106), हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस (18641/18642), गोरखपुर-सम्बलपुर एक्सप्रेस (15027/15028) तथा पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस (18451/18452) भी निर्धारित तिथियों में रद रहेंगी। इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों में आरक्षण कराने या अपनी यात्रा की नई योजना बनानी होगी।
खबरें और भी
रेलवे के अनुसार 25 सितंबर से एक अक्टूबर तक हटिया से खुलने वाली तपस्विनी एक्सप्रेस (18451) अपने निर्धारित समय से एक घंटे की देरी से रवाना होगी। इसलिए इस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले संशोधित समय की जानकारी अवश्य लेनी चाहिए।
रेलवे की अपील
रेल अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से अवश्य जांच लें। रद ट्रेनों के टिकट वाले यात्री रेलवे के नियमानुसार टिकट रिफंड भी प्राप्त कर सकेंगे।