दुष्कर्म और हत्या के विरोध में 30 मार्च को हजारीबाग बंद करेगी भाजपा, कांग्रेस ने जल्द गिरफ्तारी की मांग की
हजारीबाग में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के विरोध में भाजपा ने 30 मार्च को बंद का आह्वान किया है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार प ...और पढ़ें

बीजेपी करेगी प्रोटेस्ट। (सोशल मीडिया)
HighLights
भाजपा ने हजारीबाग दुष्कर्म-हत्या के विरोध में बंद बुलाया।
राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था में विफल रहने का आरोप।
कांग्रेस ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और न्याय की मांग की।
राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा है कि हजारीबाग में हुई दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में 30 मार्च को बंद का आयोजन पार्टी करेगी।
शनिवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर उन्होंने राज्य सरकार को कानून व्यवस्था के मामले में फेल बताया। आदित्य साहू ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही वे पार्टी के जनप्रतिनिधियों के साथ पीड़िता के गांव गए। जो जानकारी मिली, वह पूरी तरह रोंगटे खड़ा करने वाली और हृदय विदारक है।
जब पूरे देश में रामनवमी की तैयारियां चल रही हो, इसी बीच मंगलवारी जुलूस देखने गई एक गरीब मजदूर की 12 वर्षीय बेटी का अपराधी दुष्कर्म करते हैं और फिर हत्या भी कर देते हैं।
चार दिनों तक गरीब के घर जिला प्रशासन नहीं पहुंचा। हद तो तब हो गई जब मृत बेटी के मजदूर पिता को जल्द गांव आने में प्रशासन ने कोई मदद नहीं की।
भाजपा नेताओं ने फ्लाइट टिकट की व्यवस्था की। आदित्य साहू ने कहा कि राज्य की पुलिस केवल वसूली में लगी है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे में अपराधी नहीं पकड़े गए तो 29 मार्च को हजारीबाग के सभी प्रखंडों में भाजपा कार्यकर्ता मशाल जुलूस निकालकर विरोध दर्ज करेंगे।
30 को पूरा हजारीबाग बंद करेंगे। साथ ही पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालयों पर पार्टी की महिला मोर्चा की सदस्य धरना प्रदर्शन करेंगी।
कांग्रेस की मांग, हजारीबाग दुष्कर्म कांड के दोषियों को शीघ्र मिले सजा
हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म एवं हत्या की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि आज पूरा राज्य इस जघन्य अपराध से स्तब्ध और चिंतित है। घटना के कई दिनों बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना स्वाभाविक रूप से पीड़ित परिवार एवं स्थानीय लोगों में असुरक्षा और बेचैनी पैदा कर रहा है।
खबरें और भी
इस स्थिति को देखते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस मामले में गंभीर चिंता व्यक्त की है। कमलेश ने कहा कि राज्य की हर बेटी की सुरक्षा हम सभी की मांगे सामूहिक जिम्मेदारी है।
विष्णुगढ़ की यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। हमें भरोसा है कि राज्य सरकार इस मामले को प्राथमिकता के साथ लेते हुए जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार करेगी।
केशव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले में सरकार के साथ रचनात्मक सहयोग करेगी। मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और न्याय सुनिश्चित होने तक हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।