विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'नूडल्स की तरह 2 मिनट में नहीं लिए जाते सभी फैसले', झारखंड में JMM के सीट शेयरिंग से RJD नाराज; मनोज झा ने सुनाई खरी खोटी

Published: Sat, 19 Oct 2024 04:45 PM (IST)

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि झामुमो ...और पढ़ें

मनोज झा ने सीट शेयरिंग को झामुमो-कांग्रेस का एकतरफा फैसला बताया।
मनोज झा ने सीट शेयरिंग को झामुमो-कांग्रेस का एकतरफा फैसला बताया।

HighLights

  1. 15 से 18 सीटों पर राजद अकेले भाजपा को हरा सकती है: मनोज झा
  2. कहा- नूडल्स की तरह 2 मिनट में नहीं लिए जा सकते सभी फैसले

एएनआई, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आईएनडीआईए के सीट शेयरिंग के फॉर्मूले का एलान किया है। हेमंत सोरेन ने राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से 70 सीटों पर झामुमो और कांग्रेस के चुनाव लड़ने का एलान किया है, जबकि राजद व वामदलों को 11 सीटें दी हैं। हेमंत सोरेन ने सीट शेयरिंग के एलान के तुरंत बाद राजद ने इसे झामुमो-कांग्रेस का एकतरफा फैसला बताया है।

आरजेडी नेता मनोज कुमार झा ने दावा किया कि पार्टी ने झारखंड विधानसभा की 15 से 18 सीटों की पहचान की है, जहां वह अकेले बीजेपी को हरा सकती है। हेमंत सोरेन के सीट शेयरिंग की घोषणा पर मनोज कुमार झा ने कहा कि सभी फैसले '2 मिनट' के नूडल्स की तरह तुरंत नहीं लिए जा सकते। उन्होंने कहा कि हमारे (राजद) लिए सभी विकल्प खुले हैं।

आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि हमारा पूरा नेतृत्व हमारे नेता तेजस्वी यादव के आग्रह पर यहां (रांची) आया है। आज सुबह हमारी एक बैठक हुई। बैठक में यह तय हुआ कि वोटों की ताकत और जनाधार आरजेडी के पक्ष में है।

मनोज झा ने कहा कि मैं आपको बता दूं कि पिछली बार हम 7 सीटों पर लड़े थे, क्योंकि लालू जी का दिल बड़ा था। उनका लक्ष्य बीजेपी को सत्ता से बाहर करना था और आज भी हमारा लक्ष्य वही है।

उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में हम 5 सीटों पर दूसरे नंबर पर रहे। हमारे गठबंधन के बाकी साथी शायद इतनी सीटों पर प्रतिशत के हिसाब से दूसरे नंबर पर नहीं रहे होंगे।

सीट शेयरिंग के फैसले पर उन्होंने कहा कि एकतरफा फैसला लिया गया है। अलग-अलग जिलों में हमारी मौजूदगी बहुत मजबूत है, हम अपने गठबंधन के साथियों से आग्रह करेंगे कि वे उसी हिसाब से फैसला लें।

मनोज झा ने कहा कि हमारे प्रभारी यहां (रांची में) हैं, हमारे प्रदेश अध्यक्ष यहां हैं। कल से हमारे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद यहां हैं। सबके होने के बावजूद अगर आपने गठबंधन की प्रक्रिया में हमें शामिल नहीं किया, तो यह दुख की बात है।

उन्होंने आगे कहा कि आज हमारी जो बैठक हुई, उसमें हमने अलग-अलग जिलों में 15 से 18 ऐसी सीटें चिन्हित की हैं जहां हम अकेले भी भाजपा को हराने में सक्षम हैं। मनोज कुमार झा ने कहा कि हमारे लिए सभी विकल्प खुले हैं।

यह भी पढ़ें: Jharkhand Elections 2024: 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी JMM-कांग्रेस, राजद-वाम दलों को मिलीं सिर्फ इतनी सीटें; तेजस्वी नाराज

झारखंड में चुनाव से पहले EC की बड़ी कार्रवाई, डीजीपी को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।