झारखंड विधानसभा घेराव से पहले किले में तब्दील हुआ रांची, 6 जगहों पर लगाई गई फौलादी बैरिकेडिंग
जेपीएससी CGL परीक्षा रद करने की मांग को लेकर छात्रों ने झारखंड विधानसभा घेराव का आह्वान किया है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रांची में विधानसभा की ...और पढ़ें
HighLights
विधानसभा घेराव के आह्वान पर रांची में कड़ी सुरक्षा।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए छह बैरिकेड लगाए गए।
14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग पर आंदोलन।
जागरण संवाददाता, रांची। छात्र आंदोलन और विधानसभा घेराव के आह्वान के बाद सोमवार को विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा का ऐसा घेरा खड़ा कर दिया गया है कि प्रदर्शनकारियों के लिए विधानसभा तक पहुंचना आसान नहीं होगा।
विधानसभा पहुंचने से पहले छात्रों को छह जगहों पर लगाए गए बैरिकेड का सामना करना पड़ेगा। सभी प्रमुख बैरिकेड पर कंटीले तार लगाए गए हैं। सुबह सात बजे से ही पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।

इस बार सुरक्षा व्यवस्था में पुराना विधानसभा चौक को भी पहली बार बैरिकेड से घेरा गया है। यहां से आगे बढ़ने वाले रास्ते पर पुलिस की निगरानी रहेगी। प्रशासन ने विधानसभा की ओर आने वाले लगभग सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी है।
छह पड़ाव, हर जगह सुरक्षा का घेरा
विधानसभा की ओर बढ़ने पर सबसे पहले पुराना विधानसभा चौक पर बैरिकेड मिलेगा। इसके बाद शहीद मैदान चौक, मौसीबाड़ी हनुमान चौक, जगन्नाथपुर दुर्गा मंदिर चौक, लिलाधरी भवन-जगन्नाथपुर मंदिर के नीचे, जोगदा कॉलेज चौक और खड़ेसरी आश्रम के सामने सुरक्षा घेरा बनाया गया है।

बैरिकेड के साथ कंटीले तार लगाए जाने से साफ है कि पुलिस प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पूरी तैयारी में है। सड़कों पर बैरिकेडिंग के कारण सामान्य यातायात को भी प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस की नजर पैदल आने वाले प्रदर्शनकारियों के साथ वाहनों पर भी रहेगी।
खबरें और भी
विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर नजर
छात्र आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही मोर्चा संभाल लिया है। अलग-अलग स्थानों पर तैनात जवान भीड़ की स्थिति के अनुसार आगे की रणनीति लागू करेंगे। विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों में बांटा गया है।

छात्रों की क्या है मांग?
छात्र संगठनों का आंदोलन मुख्य रूप से जेपीएससी CGL परीक्षा को रद करने की मांग को लेकर है। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक से जुड़े सवालों ने परीक्षा की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
आंदोलनकारी छात्रों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और छात्रों के हित में परीक्षा को रद कर दोबारा परीक्षा आयोजित की जाए।
आंदोलन का घटनाक्रम
परीक्षा को लेकर विरोध तेज: 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोपों को लेकर छात्र संगठनों ने आंदोलन शुरू किया।
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जुटे छात्र: अलग-अलग जिलों से छात्र रांची पहुंचे और स्टेडियम में आंदोलन शुरू किया। प्रदर्शन के दौरान भोजन, रहने और शौचालय जैसी सुविधाओं को लेकर भी छात्रों ने समस्याएं उठाईं।
विधानसभा मार्च का आह्वान: छात्रों ने अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए विधानसभा घेराव का निर्णय लिया।
मार्च के दौरान स्याही फेंकने की घटना: विधानसभा मार्च के दौरान AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर एक युवक ने स्याही फेंक दी। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया।
अब विधानसभा की घेराबंदी: आंदोलनकारियों को विधानसभा तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने छह प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग कर कंटीले तार लगाए हैं। सुबह सात बजे से ही सुरक्षा बलों की तैनाती शुरू कर दी गई।
यह भी पढ़ें- Ranchi Student Protest LIVE: CBI जांच की मांग को लेकर छात्रों का विधानसभा घेराव, छावनी में तब्दील हुआ रांची