Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड में बीएड-एमएड और बीपीएड प्रवेश परीक्षा की नई तिथि घोषित, आवेदन की अंतिम तारीख भी बढ़ी

    Updated: Sat, 28 Mar 2026 02:24 PM (IST)

    JCECEB B.Ed Exam Date Change झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने बीएड, एमएड और बीपीएड कोर्स में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम ...और पढ़ें

    अब सात अप्रैल तक भरे जाएंगे आनलाइन आवेदन आवेदन।

    अब सात अप्रैल तक भरे जाएंगे आनलाइन आवेदन आवेदन।

    HighLights

    1. प्रवेश परीक्षा अब 26 अप्रैल की जगह 10 मई को होगी।

    2. ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 7 अप्रैल तक बढ़ाई गई।

    3. पांचों प्रमंडल के एक-एक डायट में होगी डीएलएड की पढ़ाई।

    राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने राज्य में संचालित बीएड संस्थानों में बीएड, एमएड तथा बीपीएड कोर्स में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा के कार्यक्रम में बदलाव किया है।

    पहले इसकी प्रवेश परीक्षा 26 अप्रैल की होनेवाली थी। पर्षद ने अब यह परीक्षा 10 मई को आयोजित करने का निर्णय किया है। यह परीक्षा रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग एवं चाईबासा के केंद्रों पर आयोजित होगी।

    पर्षद द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, इस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आनलाइन आवेदन अब सात अप्रैल तक भरे जाएंगे। इससे पहले इसकी अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित थी।

    इस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 फरवरी से शुरू हुई थी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, आनलाइन आवेदन में किसी तरह का सुधार आठ से नौ अप्रैल तक हो सकेगा।

    चार दिन पूर्व से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे

    अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा की तिथि के चार दिन पूर्व से प्रवेश पत्र पर्षद की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। बताते चलें कि प्रवेश परीक्षा ओएमआर आधारित होगी, जिसमें कुल 100 अंकों के बहुवैकल्पिक प्रश्न पूछे जाएंगे।

    प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। इसमें निगेटिव मार्किंग होगी। गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। संस्थानों की कुल सीटों में 85 प्रतिशत सीटों पर नामांकन झारखंड के विश्वविद्यालयों से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का मेधा सूची से होगा।

    शेष 15 प्रतिशत सीटें ओपेन होंगी, जिनमें दूसरे राज्यों से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का भी नामांकन हो सकेगा। पर्षद के अनुसार, विज्ञापन की अन्य शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

    प्रत्येक प्रमंडल के एक डायट में होगी डीएलएड की पढ़ाई

    राज्य के पांचों प्रमंडलों के एक-एक जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रारंभिक शिक्षा में डिप्लोमा (डीएलएड) की पढ़ाई होगी। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सामान्य रूप से प्रमंडल मुख्यालय स्थित डायटों में तीन सत्रों में नामांकन की स्वीकृति प्रदान की है।

    प्रत्येक में 50 सीटों पर नामांकन होगा। नामांकन प्रक्रिया पूरी करने की जिम्मेदारी संबंधित प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक को दी गई है। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में इस पाठ्यक्रम की पढ़ाई डायट, रातू में होगी।

    इस संस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026-28 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए आवेदन क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक के रांची स्थित कार्यालय में जमा होगा।

    यह भी पढ़ें- झारखंड HC का फैसला: सहायक आचार्य नियुक्ति पर JSSC ले निर्णय, गोड्डा होमगार्ड नियुक्ति परिणाम पर रोक

    यह भी पढ़ें- झारखंड HC का बड़ा फैसला: महिला सुपरवाइजर पदों पर सिर्फ महिलाओं की नियुक्ति वैध