'पुलिस मनगढ़ंत कहानी गढ़कर केस दबा रही है', हिमांशु सिंह हत्याकांड पर झारखंड भाजपा अध्यक्ष का तीखा हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जमशेदपुर के हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस पर मामले को भटकाने और निर्दोष को फंसाने का आरोप लगाया है। जबकि कांग्र ...और पढ़ें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार और पुलिस पर जमशेदपुर मामले को डायवर्ट करने का लगाया आरोप।
HighLights
भाजपा ने पुलिस पर जमशेदपुर हत्याकांड को डायवर्ट करने का आरोप लगाया।
पुलिस पर नीरज सिंह को मनगढ़ंत कहानी से फंसाने का आरोप लगाया गया।
कांग्रेस ने भाजपा को घटना का राजनीतिकरण न करने की सलाह दी।
राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जमशेदपुर के हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस द्वारा मामले को डायवर्ट करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता कर उन्होंने कहा कि पुलिस जमशेदपुर मामले में मनगढ़ंत कहानी गढ़कर केस को दबाने और निर्दोष को फंसाने का काम कर रही है।
साहू ने कहा कि इस मामले में जिस व्यापारी नीरज सिंह का नाम पुलिस ले रही है, उस दिन नीरज सिंह अपने प्रतिष्ठान में थे भी नहीं। नीरज सिंह अपने प्रतिष्ठान को काफी दिनों से चलाने का काम करते रहे हैं। इसे चलाने के लिए सरकार ने बकायदा लाइसेंस दिया है। यदि नीरज सिंह अवैध रूप से कारोबार कर रहे थे तो उसे पुलिस-प्रशासन एवं विभाग ने पहले क्यों नहीं बंद कराया।
साहू ने इस मामले में अपराधियों के साथ-साथ हत्या के समय मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग की है। साथ ही उन्होंने नीरज सिंह पर दर्ज किए गए मुकदमा की निष्पक्ष जांच कर केस से उनका नाम तत्काल हटाने की भी मांग की है।
राजनीति छोड़ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में सहयोग करे भाजपा: कांग्रेस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान को राजनीतिक अवसरवाद का परिचायक बताते हुए कहा कि जमशेदपुर की दुखद घटना पूरे राज्य के लिए पीड़ादायक है। कांग्रेस पार्टी इस घटना की कड़ी निंदा करती है और स्पष्ट रूप से मानती है कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे कानून के अनुसार कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।
खबरें और भी
लेकिन भाजपा इस संवेदनशील घटना को राजनीतिक मंच बनाकर अपनी खोती हुई जमीन तलाशने में जुट गई है। सिन्हा ने कहा कि भाजपा को जनता को गुमराह करने से पहले अपने शासनकाल का इतिहास देख लेना चाहिए। देश आज भी माब लिंचिंग, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, सांप्रदायिक हिंसा, पेपर लीक, किसानों पर अत्याचार और मणिपुर जैसी घटनाओं को नहीं भूला है।
कहा कि राज्य सरकार ने घटना काे गंभीरता से लिया है। पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है और जांच आगे बढ़ रही है। कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। लेकिन, भाजपा का उद्देश्य न्याय नहीं, बल्कि जनभावनाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ उठाना है।
आदित्य साहू के द्वारा पुलिस प्रशासन और सरकार पर लगाए गए आरोप तथ्यहीन और गैर-जिम्मेदाराना हैं। यदि भाजपा के पास कोई सबूत है तो उसे जांच एजेंसियों के समक्ष प्रस्तुत करे, अन्यथा जनता को भ्रमित करना बंद करे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झारखंड बंद और आंदोलन की धमकी देकर प्रदेश का माहौल बिगाड़ना चाहती है। कांग्रेस मानती है कि कानून हाथ में लेने, तनाव फैलाने और बंद की राजनीति से किसी पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता।