JPSC-JSSC प्रोटेस्ट: छात्रों से नए सिरे से बातचीत करेगी झारखंड सरकार, कानूनी सलाहकार के साथ हो सकेंगे शामिल
झारखंड सरकार ने JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों से नए सिरे से बातचीत का प्रस्ताव रखा है। छात्र 17 अगस्त को होने वाली इस बैठक में अपने कानूनी सलाहकार के साथ शामिल हो सकेंगे।
-1786920638357_m.webp)
नए सिरे से बातचीत के लिए प्रदर्शनकारी छात्रों को बुलाई झारखंड सरकार।
HighLights
झारखंड सरकार ने JPSC-JSSC छात्रों से बातचीत का प्रस्ताव दिया।
छात्र कानूनी सलाहकार के साथ बैठक में शामिल हो सकेंगे।
CBI जांच और JSSC-CGL रद्द करने की मांग पर अड़े छात्र।
डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और धांधली को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। मांगे पूरी न होने पर अभ्यर्थियों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। वहीं, अब झारखंड सरकार की तरफ से प्रदर्शनकारी छात्रों से नए सिरे से बातचीत करने का प्रस्ताव रखा गया है।
इससे पहले स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रांची में 'तिरंगा यात्रा' निकालने के बाद 'JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच' ने 20 अगस्त को सीएम हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने का एलान किया था। इस एलान के बाद अब झारखंड सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध कर रहे छात्रों को सोमवार यानी 17 अगस्त को बातचीत के लिए बुलाया है।
कानूनी सलाहकार के साथ हो सकेंगे शामिल
छात्रों से बातचीत करने का फैसला तब लिया गया जब सब-डिविज़नल ऑफिसर और ADM (लॉ एंड ऑर्डर) ने यहां विरोध-प्रदर्शन वाली जगह, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों के साथ बैठक की।

अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनकारियों को 17 अगस्त को दोपहर 2 बजे बातचीत के लिए बुलाया गया है। वहीं, छात्र अपने कानूनी सलाहकार के साथ चर्चा में शामिल हो सकेंगे। इससे पहले झारखंड सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच छह बार बातचीत हो चुकी है।
प्रदर्शनकारियों ने स्वीकार किया सरकार का प्रस्ताव
JPSC-JSSC प्रोटेस्ट का नेतृत्व कर रहे प्रमुख छात्र संगठन 'JPSC-JSSC रिफ़ॉर्म्स मंच' ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार के नए सिरे से बातचीत करने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही, मंच से कहा गया कि वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे।
दो मांगों पर अडिग रहेंगे छात्र
JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि सरकार के साथ बातचीत उनके कानूनी सलाहकार की मौजूदगी में होगी। उन्होंने आगे कहा कि हम बातचीत के लिए जाएंगे क्योंकि हम बातचीत के जरिए इस मुद्दे को सुलझाना चाहते हैं।

पासवान ने कहा कि हम दो मांगों पर अडिग हैं- पहली मांग भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों की CBI जांच और दूसरी JSSC-CGL (झारखंड कर्मचारी चयन आयोग-संयुक्त स्नातक स्तर) परीक्षाओं को रद करना।
आज होगी बातचीत में शामिल होने वाले छात्रों की घोषणा
रवींद्र पासवान ने कहा कि सरकारी पैनल से बातचीत में शामिल होने वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या की घोषणा सोमवार यानी 17 अगस्त को होगी। सरकार और छात्रों के बीच 9 अगस्त को हुई बातचीत के आखिरी दौर में कोई नतीजा नहीं निकल सका। रविवार को विरोध प्रदर्शन का 23वां दिन था।

