Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड की तीन बेटियां भारतीय जूनियर महिला हाॅकी टीम में शामिल, इंग्लैंड-स्काटलैंड दौरे पर दिखाएंगी दम

    Updated: Sun, 28 Jun 2026 07:19 PM (IST)

    सीएम स्कूल आफ एक्सीलेंस, बरियातू की तीन खिलाड़ी बिनीमा धान, पार्वती टोप्पो और रोशनी आइंद का चयन भारतीय जूनियर महिला हाॅकी टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी 5 ...और पढ़ें

    CM स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की छात्राओं ने बढ़ाया मान, भारतीय जूनियर हॉकी टीम में हुआ चयन।

    CM स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की छात्राओं ने बढ़ाया मान, भारतीय जूनियर हॉकी टीम में हुआ चयन।

    HighLights

    1. बरियातू की तीन खिलाड़ी भारतीय जूनियर महिला हाॅकी टीम में चयनित।

    2. बिनीमा धान, पार्वती टोप्पो, रोशनी आइंद इंग्लैंड-स्काटलैंड दौरे पर।

    3. झारखंड महिला हाॅकी की गौरवशाली परंपरा जारी, राज्य को गर्व।

    जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड की महिला हाकी की नर्सरी के रूप में पहचान बना चुके बरियातू हाॅकी सेंटर ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बरियातू की तीन होनहार खिलाड़ी बिनीमा धान, पार्वती टोप्पो और रोशनी आइंद का चयन भारतीय जूनियर महिला हाॅकी टीम में हुआ है।

    तीनों खिलाड़ी अब 5 से 14 जुलाई तक इंग्लैंड और स्काटलैंड दौरे पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, जहां भारतीय टीम सात अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी। इन खिलाड़ियों ने बताया कि यह क्षण उनके लिए काफी महत्व रखता है और जिस उद्देश्य से उनका चयन हुआ है वो उसमें बेहतर करेंगे।

    पिछले माह भी अंडर-18 महिला टीम में खिलाड़ियों का हुआ था चयन

    यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले महीने अंडर-18 महिला टीम में भी बरियातू हाॅकी सेंटर की तीन खिलाड़ियों ने जगह बनाई थी और जापान में आयोजित एशिया कप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहीं।

    वहीं इसी महीने ओमान में होने वाले यूथ सब-जूनियर हाॅकी टूर्नामेंट के लिए भी झारखंड की पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है। लगातार राष्ट्रीय टीमों में राज्य की खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी बरियातू हाकी सेंटर की मजबूत प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रमाण मानी जा रही है।

    खबरें और भी

    बरियातू हाॅकी सेंटर वर्षों से भारतीय महिला हाॅकी को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी देता रहा है। इसी केंद्र ने सावित्री पूर्ति, सोमराय टेटे, अंशुता लकड़ा जैसी दिग्गज खिलाड़ियों को देश को दिया।

    वर्तमान में भी निक्की प्रधान और ब्यूटी डुंगडुंग भारतीय टीम में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। ऐसे में तीन और खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

    खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम में बना रही जगह

    कोच करुणा पूर्ति ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों के अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास को दिया। उन्होंने कहा कि देशभर में नए प्रशिक्षण केंद्र खुलने से प्रतिस्पर्धा बढ़ी है, लेकिन बरियातू की खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर लगातार राष्ट्रीय टीम में जगह बना रही हैं।

    विद्यालय के प्राचार्य दीपक कुमार ने कहा कि यहां प्रशिक्षण लेने वाली अधिकांश खिलाड़ी दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आती हैं। उनमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती। उचित प्रशिक्षण, अनुशासन और सकारात्मक माहौल मिलने पर यही खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन कर रही हैं।

    उन्होंने कहा कि विद्यालय और कोचिंग स्टाफ का लक्ष्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों को भारतीय टीम तक पहुंचाना है। तीनों खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय, हाकी सेंटर और पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि यह उपलब्धि राज्य में महिला हाॅकी की मजबूत परंपरा और भविष्य की नई उम्मीदों का संकेत है।