झारखंड में अब 24 घंटे के भीतर बदले जाएंगे खराब ट्रांसफार्मर, CMD ने अफसरों को दिया सख्त निर्देश
झारखंड बिजली वितरण निगम ने राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए खराब ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे के भीतर बदलने का निर्णय लिया है। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
खराब ट्रांसफार्मर 24 घंटे में बदले जाएंगे।
सीएमडी के. श्रीनिवासन ने सख्त निर्देश दिए।
गर्मी-मानसून में उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने राज्यभर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए खराब ट्रांसफार्मरों को अधिकतम 24 घंटे के भीतर बदलने का निर्णय लिया है।
ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष सह प्रबंधन निदेशक के. श्रीनिवासन ने पदाधिकारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए हैं। निगम की ओर से राज्य के सभी जिलों में उपभोक्ताओं को लगातार बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न क्षमता वाले डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मरों का अधिष्ठापन किया गया है।
इनमें 25 केवी, 63 केवी, 100 केवी, 200 केवी तथा 500 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर शामिल हैं। निगम के अनुसार कई बार तकनीकी खराबी अथवा प्राकृतिक कारणों विशेष रूप से आकाशीय बिजली और थंडरिंग की घटनाओं के चलते ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं।
इसके कारण संबंधित इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।
सीएम के निर्देश के अनुरूप बदले जा चुके सारे ट्रांसफार्मर
मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुपालन में अब तक खराब हुए सभी ट्रांसफार्मरों को बदल दिया गया है। साथ ही भविष्य में यह सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है कि किसी भी जिले में खराब ट्रांसफॉर्मर को अधिकतम 24 घंटे के भीतर बदल दिया जाए ताकि बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल हो सके। निगम ने आम जनता से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
हेल्पलाइन नंबरों पर दर्ज कराएं शिकायत
यदि किसी क्षेत्र में खराब ट्रांसफार्मर निर्धारित समय सीमा के भीतर नहीं बदला जाता है तो उपभोक्ता इसकी सूचना तुरंत निगम के कॉल सेंटर को दें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 0651-2710002, 18003456570, 9431135503 और 9431135504 जारी किए गए हैं।
खबरें और भी
निगम का कहना है कि राज्य में बिजली व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
त्वरित ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन व्यवस्था लागू होने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से गर्मी और मानसून के मौसम में बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या को कम करने में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।