विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड शराब घोटाला: दिल्ली से फरार शराब कारोबारी नवीन केडिया रांची में गिरफ्तार, पांच दिन एसीबी के हवाले

Published: Wed, 11 Mar 2026 06:50 PM (IST)Updated: Thu, 12 Mar 2026 09:56 AM (IST)

झारखंड शराब घोटाले में फरार छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी नवीन केडिया को एसीबी ने रांची से गिरफ्तार कर लिया है। ...और पढ़ें

फरार शराब कारोबारी नवीन केडिया रांची से गिरफ्तार।

फरार शराब कारोबारी नवीन केडिया रांची से गिरफ्तार।

HighLights

  1. गोवा ट्रांजिट बेल का उल्लंघन कर हुआ था फरार।

  2. झारखंड शराब घोटाले में एसीबी को थी तलाश।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में शराब घोटाला मामले में गोवा में ट्रांजिट बेल मिलने के बाद से फरार चल रहे छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी नवीन केडिया को झारखंड एसीबी की टीम ने मंगलवार को रांची से ही गिरफ्तार कर लिया है।

वह छत्तीसगढ़ के दुर्ग का निवासी है। एसीबी कोर्ट, हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद वह रांची में सरेंडर करने आया था। अब एसीबी उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

नवीन केडिया पर पूर्व की उत्पाद नीति के दौरान झारखंड में निम्न गुणवत्ता वाली देसी शराब की आपूर्ति का आरोप है।गिरफ्तारी वारंट मिलने के बाद एसीबी ने नवीन केडिया को गोवा के स्पा सेंटर में मसाज कराते वक्त आठ जनवरी को गिरफ्तार किया था।

नौ जनवरी को गोवा की अदालत ने उसे चार दिनों का ट्रांजिट बेल इस शर्त के साथ दिया था कि वह चार दिनों के भीतर यानी 12 जनवरी तक हर हाल में झारखंड एसीबी के उक्त केस के अनुसंधानकर्ता के सामने आत्मसमर्पण कर देगा।

इसके बाद नवीन केडिया गोवा से हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंचा था। उसकी निगरानी में लगी झारखंड एसीबी की टीम भी पीछे-पीछे दिल्ली पहुंच गई थी। इस टीम में एसीबी के आठ अधिकारी-जवान शामिल थे।

इसी बीच दिल्ली में ही नवीन केडिया ने झारखंड एसीबी की टीम को चकमा देने में सफल रहा और वहां से फरार हो गया था। वह निर्धारित समय सीमा के भीतर एसीबी रांची के अनुसंधान पदाधिकारी के सामने उपस्थित नहीं हुआ।

एसीबी ने उसकी गिरफ्तारी को लेकर लुक आउट नोटिस भी जारी की थी। नवीन केडिया ने गोवा कोर्ट के ट्रांजिट बेल की भी अवमानना की, जिसके बाद गोवा कोर्ट ने उसकी जमानत में भरे गए पांच लाख रुपये के बेलबांड की राशि को भी जब्ती का आदेश दिया था।

नवीन केडिया की गिरफ्तारी से लेकर उसकी निगरानी तक में शामिल सभी आठों अधिकारियों-जवानों को लापरवाही बरतने के आरोप में एडीजी एसीबी ने निलंबित कर दिया था।

निलंबित होने वालों में एसीबी झारखंड के पुलिस इंस्पेक्टर विजय केरकेट्टा, दारोगा शशिकांत कुमार, हवलदार अनूप साह, सिपाही रौशन सिंह व सिपाही अमन प्रताप के अलावा रांची जिला बल के दारोगा राहुल कुमार, एएसआइ राजीव रंजन कुमार, सिपाही रवि शंकर शर्मा शामिल थे।

नवीन केडिया से पांच दिन पूछताछ करेगी एसीबी

झारखंड में शराब घोटाले में फरार चल रहे छत्तीसगढ़ के कारोबारी नवीन केडिया को एसीबी ने गिरफ्तारी के बाद उसे एसीबी कोर्ट में गुरुवार को पेश किया। मामले के अनुसंधान पदाधिकारी ने पूछताछ के लिए सात दिनों की रिमांड की मांग करते हुए कोर्ट में याचिका दाखिल की।

याचिका पर सुनवाई के बाद अदालत ने पांच दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की अनुमति प्रदान की। इससे पूर्व एसीबी रिम्स में इलाजरत आरोपित नवीन केडिया को सुरक्षा व्यवस्था के साथ शाम 5.10 बजे एंबुलेंस से सिविल कोर्ट लेकर पहुंची।

आरोपित को व्हीलचेयर पर बैठाकर अदालत में पेश किया गया। आरोपित को अस्पताल से सीधे कोर्ट लाया गया था।

यह भी पढ़ें- झारखंड हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, ईडी अधिकारियों पर लगे आरोपों की जांच अब सीबीआई करेगी