यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 02, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Politics: 'कांग्रेस से सतर्क रहें चंपई सोरेन...', बाबूलाल मरांडी की नए मुख्यमंत्री को सलाह
Jharkhand Politics News झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि चंपई सोरेन आंदोलनकारी रहे हैं इसलिए उन्हें अपनी सोच-समझ से काम करना चाहिए। क ...और पढ़ें

HighLights
- भाजपा विधायक दल की बैठक में चंपई सोरेन की नई सरकार को लेकर बनी रणनीति
- नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा, हेमंत सरकार की प्रतिछाया नहीं बने चंपई सरकार
- भाजपा विधायक बोले, तुष्टीकरण के लिए बनी है सरकार, जमकर करेंगे विरोध
राज्य ब्यूरो, रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने चंपई सोरेन को राज्य का नया मुख्यमंत्री नियुक्त होने पर बधाई देते हुए जनहित के निर्णय लेने और कांग्रेस से सतर्क रहने की सलाह दी है। बाबूलाल मरांडी ने विधायक दल की बैठक में कहा कि कांग्रेस के समर्थन से चलने वाली सरकारों के मुख्यमंत्री का वही हश्र हुआ है जो हेमंत सोरेन का हुआ। चंपई सोरेन को इससे सतर्क रहना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि चंपई सोरेन आंदोलनकारी रहे हैं, इसलिए उन्हें अपनी सोच-समझ से काम करना चाहिए। कांग्रेस के साथ की वजह से ऐसा लगता है यह सरकार पिछली सरकार की तरह ही तुष्टीकरण के एजेंडे को लागू करने के लिए बनी है। कांग्रेस हमेशा भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण का खेल खेलती है। शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में विधायकों ने नवगठित सरकार को लेकर प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी के साथ विचार विमर्श किया।
'चंपई सोरेन के घर उत्सव का माहौल है'
नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नियुक्त होने के बाद चंपई सोरेन के घर परिवार में उत्सव का माहौल है। यह अवसर उन्हें राज्य में सत्ता के संरक्षण में चलने वाले भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा द्वारा सदन से सड़क तक की गई लड़ाई की वजह से मिला है।
भाजपा विधायकों ने इस अवसर पर कहा कि परिवारवाद के खिलाफ की गई भाजपा की लंबी लड़ाई की वजह से चंपई सोरेन को राज्य के सबसे बड़े पद पर जाने का मौका मिला है। इस अवसर का उपयोग उन्हें राज्य की जनता की सेवा में करना चाहिए। विधायकों ने चंपई सोरेन से हेमंत सोरेन सरकार की प्रतिछाया बनने से बचने का आग्रह किया।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को ईडी द्वारा बताए गए भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश देना चाहिए। साथ ही हाल ही में रद्द जेएसएससी परीक्षा की सीबीआई जांच की अनुशंसा करनी चाहिए। तभी राज्य की जनता को भरोसा होगा कि यह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाली सरकार है।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी सहित विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, सीपी सिंह, बिरंची नारायण, भानु प्रताप शाही, रामचंद्र चंद्रवंशी, जेपी पटेल, राज सिन्हा, मनीष जायसवाल, अमित मंडल, शशिभूषण मेहता, केदार हाजरा, अनंत ओझा, ढुल्लू महतो, रणधीर सिंह, नीरा यादव, अपर्णा सेन गुप्ता, पुष्पा देवी, किशुन दास, केदार हाजरा, समरी लाल, कोचे मुंडा,आलोक चौरसिया, नारायण दास उपस्थित थे।