Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Jharkhand: झारखंड में जल्द ही दिखेगा बड़ा बदलाव, बजट के बाद इन 8 टूरिस्ट प्लेस को वर्ल्ड क्लास बनाने की तैयार

    Updated: Tue, 04 Mar 2025 03:35 PM (IST)

    झारखंड सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपने बजट में कई अहम घोषणाएं की हैं। राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर ग्लास ब्रिज रोपवे और जलप्रपातों के ...और पढ़ें

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर
    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

    HighLights

    1. दशम, हुंडरू, नेतरहाट तथा पतरातू में राजगीर की तर्ज पर ग्लास ब्रिज का होगा निर्माण
    2. पहली बार पर्यटन के विकास पर फोकस, इको टूरिज्म को भी बढ़ावा देगी सरकार

    राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य सरकार ने राज्य के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर ग्लास ब्रिज जैसे अत्याधुनिक संरचना के विकास, रोपवे आदि के माध्यम से देसी एवं विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने की सोच दिखाई है। इसी उद्देश्य से राज्य बजट में पर्यटन के विकास पर अधिक जोर दिया गया है।

    झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता का लाभ उठाकर राज्य के राजस्व में वृद्धि की जाए, इस उद्देश्य से राज्य के विभिन्न जलप्रपातों के सौंदर्यीकरण का भी प्रस्ताव वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में किया गया है। 336.64 करोड़ रुपये राज्य में पर्यटन के विकास पर खर्च होंगे।

    राज्य सरकार ने अपने बजट में पर्यटन के विकास के लिए दशम, हुंडरू, नेतरहाट तथा पतरातू में बिहार के राजगीर की तर्ज पर ग्लास ब्रिज का निर्माण करने का प्रस्ताव किया है। साथ ही जोन्हा, हुंडरू, कौलेश्वरी एवं त्रिकूट में नए रोपवे का निर्माण होगा।

    बजट में खूंटी के पेरवाघाघ जलप्रपात तथा पांडुपुडिंग पर्यटन स्थल को इको टूरिज्म सर्किट के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी अपने बजट में किया है।

    तिलैया, चांडिल, मंडल, तेनुघाट डैम के पर्यटकीय विकास का भी प्रस्ताव है। साहिबगंज जिले के भोगनाडीह में सिदो कान्हू मुर्मू जन्मस्थली का उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण होगा। गिरिडीह स्थित खंडोली पर्यटन स्थल का जीर्णोद्धार होगा।

    गोड्डा के सुंदर डैम तथा गुमला जिला के नागफेनी-अंबाघाट के पर्यटकीय विकास का भी प्रस्ताव बजट में है। नेतरहाट, गिरिडीह के उसरी जलप्रपात, लातेहार के बूढ़ाघाघ तथा हुंडरू जलप्रपात का भी विकास होगा।

    धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगी सरकार

    • राज्य सरकार ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं बजट में ली हैं। इसके तहत रांची के तपोवन मंदिर का विकास किया जाएगा। वहीं, रजरप्पा मंदिर कांप्लेक्स का पर्यटकीय विकास का भी प्रस्ताव बजट में है।
    • 16वीं शताब्दी में निर्मित पलामू किला का संरक्षण करते हुए विभिन्न सुविधाओं का विकास कर पलामू की गौरवशाली अतीत को नई पीढ़ियों के समक्ष लाने की भी घोषणा बजट में की है।

    कई अकादमी की होगी स्थापना

    झारखंड संगीत कला अकादमी, झारखंड ललित कला अकादमी, क्षेत्रीय भाषाओं के लिए साहित्य कला अकादमी की स्थापना होगी। बजट में इसका प्रविधान किया गया है। 

    खबरें और भी

    21 घोषणाओं को पूर्ण करने में सफल रही सरकार

    झारखंड में परिणामी बजट का एक विस्तृत स्वरूप सोमवार को देखने को मिला। बजट के दौरान पिछले वर्ष की घोषणाओं से संबंधित पूरा ब्यौरा सदन में पेश किया गया जिसमें पूर्व में हुई घोषणाओं में से राज्य सरकार ने 21 को पूरा किया तो 46 प्रक्रियाधीन रही हैं।

    रिपोर्ट के अनुसार तीन घोषणाएं स्थगित भी रही है। शिक्षा विभाग से संबंधित घोषणाएं मुख्य तौर पर पूर्ण की गई हैं। राज्य सरकार के 22 विभागों की रिपोर्ट में इससे संबंधित पूरा ब्यौरा उपलब्ध कराया गया है।

    श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के साथ-साथ पर्यटन, कला संस्कृति और खेलकूद एवं युवा मामले विभाग ने घोषणाओं को पूर्ण करने में सफलता पाई है।

    कृषि, पशुपालन विभाग की सात घोषणाओं में से दो पूर्ण हुई हैं। इसके अलावा खाद्य आपूर्ति विभाग की पांच में से दो घोषणाएं पूर्ण हुई हैं।

    उच्च एवं तकनीकी शिक्षा की पांच घोषणाओं में से तीन पूर्ण हुईं तो उद्योग विभाग के चार में दो पूर्ण हुईं। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की पांच में से तीन घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं।

    यह भी पढ़ें-

    Jharkhand News: झारखंड में 15 हजार युवाओं की बल्ले-बल्ले, हेमंत सरकार देगी रोजगार; प्लान तैयार

    Ranchi Jail: रांची जेल से अपराधी अब फोन पर नहीं कर पाएंगे 'हैलो-हाय', हेमंत सरकार ने ले लिया बड़ा फैसला