सहायक प्राध्यापक नियुक्ति में सात वर्ष बाद उर्दू विषय का होगा साक्षात्कार, JPSC से 59 को बुलावा
रांची: झारखंड में सहायक प्राध्यापकों की 2018 में शुरू हुई नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने उर्दू विषय के 59 अभ्यर्थियों को 1 ...और पढ़ें
-1779777922916_m.webp)
सहायक प्राध्यापक उर्दू भर्ती: सात साल बाद साक्षात्कार।
HighLights
उर्दू सहायक प्राध्यापक भर्ती प्रक्रिया 2018 में शुरू हुई।
1 जून को 59 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन।
सात साल बाद उर्दू विषय के लिए साक्षात्कार होगा।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य के विश्वविद्यालयों के स्नातकोत्तर विभागों तथा अंगीभूत कालेजों में सहायक प्राध्यापकों की वर्ष 2018 में शुरू हुई नियुक्ति प्रक्रिया अब भी जारी है।
झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा विषयवार साक्षात्कार का आयोजन कर नियुक्ति की अनुशंसा विश्वविद्यालयों को की जा रही है। इस कड़ी में आयोग ने उर्दू विषय में सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाई है।
आयोग ने इस विषय में नियुक्ति के लिए 59 अभ्यर्थियों को एक जून को प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए बुलाया गया है। इन अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित कर दी गई है।
प्रमाणपत्रों के सत्यापन के बाद साक्षात्कार आयोजित होगा, जिसकी तिथि की घोषणा आयोग द्वारा शीघ्र की जाएगी। इस तरह, विज्ञापन प्रकाशित होने सात वर्ष बाद इस विषय का साक्षात्कार होगा।
इससे पहले आयोग ने पिछले वर्ष 11 अगस्त को इस विषय में मेधा क्रमानुसार कोटिवार रिक्ति के पांच गुणा अभ्यर्थियों का औपबंधिक रूप से आवंटित प्राप्तांक प्रकाशित करते हुए सभी संबंधित अभ्यर्थियों से प्रकाशित अंक के विरूद्ध 18 अगस्त तक आपत्तियां मांगी थीं।
अब आयोग ने निर्धारित अंतिम तिथि तक प्राप्त आपत्तियों का निराकरण कर संशोधित अंक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। संबंधित अभ्यर्थी जन्म तिथि एवं पंजीयन संख्या दर्ज कर अपना संशोधित अंक देख सकते हैं।
उर्दू विषय में सहायक प्राध्यापक के पद पर नियुक्ति के लिए औपबंधिक रूप से योग्य पाए गए कोटिवार रिक्ति के पांच गुणा अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन 11 जून को सुबह 10 बजे से आयोग कार्यालय में होगा।
आयोग के अनुसार प्रमाणपत्रों के सत्यापन में उपस्थित अभ्यर्थियों में से मेधा क्रमानुसार कोटिवार रिक्ति के विरूद्ध साक्षात्कार के लिए योग्य पाए जाने वाले तीन गुणा अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार आयोजित होगा। उर्दू विषय में कुल 20 पदों पर नियुक्ति होनी है।