Jharkhand SIR: झारखंड की वोटर लिस्ट से 43 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम कटे, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत बुधवार को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके साथ ही दावा-आपत्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएग ...और पढ़ें

झारखंड में एसआईआर। फाइल फोटो
HighLights
झारखंड में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन आज।
43 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए।
दावा-आपत्ति प्रक्रिया 4 सितंबर तक चलेगी, फॉर्म-6 जमा करें।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत बुधवार को प्रारुप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। इसी के साथ प्रारूप मतदाता सूची के विरुद्ध आपत्ति एवं दावा की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी, जो चार सितंबर तक चलेगी।
गणना चरण में मतदाताओं द्वारा प्राप्त भरे हुए एवं हस्ताक्षरित गणना प्रपत्रों के आधार पर तैयार प्रारुप मतदाता सूची के अलावा एएसडीडी (अब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट) सूची भी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यम से प्रकाशित की जाएगी।
दोनों सूची प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में आम नागरिकों के अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी। गणना चरण की रिपोर्ट के अनुसार, 2,20,94,859 मतदाताओं के नाम प्रारुप मतदाता सूची में होंगे।
वहीं, पिछली मतदाता सूची से 43,68,377 मतदाताओं के नाम कटे हैं। हालांकि इसका अपडेट आंकड़ा बुधवार को जारी किया जाएगा।
वैसे मतदाता, जिनका नाम प्रारुप मतदाता सूची में नहीं होगा वे दावा-आपत्ति के क्रम में फार्म-6 जमाकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकेंगे। इसके लिए उन्हें निर्धारित दस्तावेज देने होंगे।
वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की अपील
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम द्वारा बनने वाले मतदाता सूची को स्थायी के रूप में संरक्षित किया जाता है। जिस प्रकार विगत एसआइआर वाली मतदाता सूची को सुपीरियर डाक्यूमेंट के रूप में माना गया है, उसी प्रकार भविष्य में भी वर्तमान के एसआइआर से संबंधित दस्तावेज की महत्ता रहेगी।
उन्होंने सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे वर्तमान एसआइआर में अवश्य भाग लें एवं अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य शामिल कराएं।
उन्होंने कहा कि प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम, विवरण अथवा अन्य प्रविष्टियों का प्रत्येक मतदाता स्वयं अवलोकन कर सकते है। उन्होंने कहा कि पात्र भारतीय नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के ईसीआइएनईटी अप्लिकेशन को अवश्य डाउनलोड करें।
इसके माध्यम से फार्म-6 सहित भरने, मतदाता सूची में सूचीबद्ध होने एवं अन्य जानकारियों को सहजता से जाना जा सकता है। उन्होंने सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांचें तथा अपने परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों, मित्रों, सहकर्मियों एवं अन्य पात्र भारतीय नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार कराने के लिए जागरूक करें।
आज पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक हैशटैग अभियान
बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक हैशटैग न्यू वोटर्स अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक पात्र युवाओं एवं नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
खबरें और भी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं, शैक्षणिक संस्थानों, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए 2, वालेंटियर्स, बीएलओ सहित एसआइआर प्रक्रिया से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर से अपील की है कि वे इस हैशटैग अभियान से जुड़ें।
यह भी पढ़ें- JPSC मेधा घोटाले में OMR हेरफेर से लेकर पैसों के खेल तक... सारी जानकारी जुटा रही CID; आरोपितों से की पूछताछ