Jharkhand Weather: झारखंड में जारी रहेगा बारिश का सिलसिला! रांची समेत कई जिलों में आज भी बरसेंगे बादल
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण रांची समेत झारखंड में भारी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज ...और पढ़ें

रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी।
HighLights
रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी।
अगले कुछ दिनों तक बारिश और 40-50 किमी/घंटा की हवाएं।
जागरण संवाददाता, रांची। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम का असर झारखंड में लगातार देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार को बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान 52.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री नीचे चला गया है।
गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार एक जून से 24 सितंबर तक रांची में कुल 1295.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है।
पिछले 24 घंटे में हुई बारिश के दौरान शहर में अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 98 प्रतिशत और न्यूनतम 95 प्रतिशत रही। इससे वातावरण में नमी बनी हुई है और बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं।
आज भी छाए रहेंगे बादल, बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन हुई है। रांची समेत मध्य झारखंड के कई जिलों में भी बारिश का असर देखने को मिला है।
वहीं राज्य में कहीं-कहीं गरज, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं रिकार्ड की गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह पहले ही दी है। खुले स्थानों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
दक्षिणी झारखंड में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिणी झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम और उससे लगे मध्य झारखंड के रांची, गुमला एवं खूंटी जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिला है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हुई है।
25 और 26 सितंबर को भी बारिश के आसार
शुक्रवार को राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं शनिवार को भी राज्य के अनेक हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी।
वहीं अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। 27 और 28 सितंबर को भी राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन होने की संभावना जताई गई है।
धनबाद में सबसे अधिक 128.6 मिमी वर्षा दर्ज, कमजोर हुआ तूफान
बंगाल की खाड़ी से बने गहरे दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड में देखने को मिला। भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 128.6 मिलीमीटर बारिश धनबाद के बाघमारा में दर्ज की गई। राजधानी रांची में भी बारिश का असर रहा।
रांची एयरो में 52.6 मिमी, जबकि बीएयू कांके में 102.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नंदीह में 123.6, पुटकी सीडब्ल्यूसी में 118.4, पालगंज में 105, कुकुर में 98.6 और निमडीह में 97.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, गहरे दबाव का क्षेत्र उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर सक्रिय है। यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए शाम तक धीरे-धीरे कमजोर डिप्रेशन में बदल चुका है। इसके बाद अगले 24 घंटे में इसके और कमजोर होने की संभावना है।
