Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand Exam Update: JPSC केंद्रों पर धारा 163 लागू, बीएड प्रवेश परीक्षा स्थगित और APP बैकलाग का रिजल्ट जारी

    Updated: Wed, 06 May 2026 10:35 AM (GMT+05:30)

    रांची में 10 मई को होने वाली जेपीएससी बैकलाग प्रारंभिक परीक्षा के लिए 15 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी बीच, JPSC ने एपीपी बैकलाग ...और पढ़ें

    जेपीएससी बैकलाग परीक्षा: रांची में 15 केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी, निषेधाज्ञा लागू।

    जेपीएससी बैकलाग परीक्षा: रांची में 15 केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी, निषेधाज्ञा लागू।

    HighLights

    1. रांची में 10 मई को जेपीएससी बैकलाग प्रारंभिक परीक्षा।

    2. परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा प्रभावी।

    3. 10 मई की बीएड, एमएड, बीपीएड प्रवेश परीक्षा स्थगित।

    टीम जागरण, रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं का दौर जारी है, जहाँ 10 मई को होने वाली JPSC बैकलाग परीक्षा के लिए प्रशासन ने राजधानी में 'किलेबंदी' कर दी है, वहीं बीएड प्रवेश परीक्षा के अचानक टलने से हजारों छात्रों को नया इंतजार करना होगा। इसी बीच, JPSC ने एपीपी बैकलाग परीक्षा का रिजल्ट जारी कर सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा का टिकट थमा दिया है।

    जेपीएससी बैकलाग प्रारंभिक परीक्षा को लेकर निषेधाज्ञा लागू

    झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी), रांची द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलाग) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। 10 मई को जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जाएगी।

    परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी तरह की अव्यवस्था या भीड़ को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।

    अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची द्वारा बीएनएसएस की धारा 163 के तहत सभी 15 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह आदेश 10 मई की सुबह 7 बजे से शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगा।

    इन गतिविधियों पर पूरी तरह रोक

    निषेधाज्ञा के दौरान पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एक स्थान पर एकत्र होने पर रोक रहेगी। हालांकि सरकारी कार्य में लगे कर्मियों और शवयात्रा को इससे छूट दी गई है। इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

    खबरें और भी

    किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र जैसे बंदूक, राइफल, रिवाल्वर, बम या बारूद लेकर चलना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही लाठी-डंडा, तीर-धनुष, भाला जैसे पारंपरिक हथियारों के साथ चलने पर भी रोक लगाई गई है। किसी भी प्रकार की सभा या बैठक आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।

    परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन को आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व भीड़ लगाकर व्यवस्था बाधित करने की कोशिश कर सकते हैं, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

    10 मई को होनेवाली बीएड, बीपीएड प्रवेश परीक्षा स्थगित

    10 मई को आयोजित होनेवाली बीएड, एमएड तथा बीपीएड प्रवेश परीक्षा स्थगित कर दी गई है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियाेगिता परीक्षा पर्षद ने अपरिहार्य कारण बताते हुए यह परीक्षा अगले आदेश तक के लिए स्थगित की है। पर्षद ने मंगलवार को इसकी सूचना जारी करते हुए कहा कि इस परीक्षा की नई तिथि की घोषणा शीघ्र की जाएगी।

    एपीपी बैकलाग नियुक्ति प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी

    झारखंड लोक सेवा आयोग ने सहायक लोक अभियोजक (बैकलाग भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया। इस परीक्षा में कुल 351 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं, जो मुख्य परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे।

    यह प्रारंभिक परीक्षा पिछले वर्ष 13 दिसंबर को दो पालियों में आयोजित की गई थी। आयोग ने परिणाम जारी करते हुए कहा कहा है कि परिणाम में किसी भी त्रुटि/टंकण त्रुटि के संज्ञान में आने पर उसमें सुधार का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।

    साथ ही उक्त परीक्षा झारखंड उच्च न्यायालय में संजीव कुमार महतो एवं अन्य बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य तथा विकास कुमार गुप्ता एवं अन्य बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य तथा समरूप वादों के अंतिम निर्णय से प्रभावित होगा।

    यह भी पढ़ें- सार्वजनिक अवकाश पर भी होंगी सीए परीक्षाएं, झारखंड में सात केंद्र; गूगल मैप्स के भरोसे नहीं रहने की सलाह