JSSC माध्यमिक आचार्य परीक्षा: झारखंड में 2,819 अभ्यर्थियों को द्वितीय पत्र की दोबारा परीक्षा देनी होगी
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के 2,819 अभ्यर्थियों के द्वितीय पत्र की दोबारा परीक्षा का निर्णय लिया है। पोर् ...और पढ़ें

माध्यमिक आचार्य नियुक्ति में 2,819 अभ्यर्थियों को देनी होगी द्वितीय पत्र की दोबारा परीक्षा।
HighLights
2,819 अभ्यर्थियों को द्वितीय पत्र की दोबारा परीक्षा देनी होगी।
पोर्टल में तकनीकी समस्या, संदिग्ध गतिविधि के कारण दोबारा परीक्षा।
यह परीक्षा 8 मई को रांची के केंद्रों पर आयोजित होगी।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की झारखंड प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 में भाग लेनेवाले अभ्यर्थियों में 2,819 अभ्यर्थियों को द्वितीय पत्र की दोबारा परीक्षा देेनी होगी।
आयोग के पोर्टल में इन अभ्यर्थियों से संबंधित डेटा में तकनीकी समस्या आई है, जिसके बाद आयोग ने यह निर्णय लिया है। इन अभ्यर्थियों की द्वितीय पत्र की दोबारा परीक्षा आठ मई को रांची के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
आयोग के अनुसार, इस परीक्षा में सम्मिलित विभिन्न अभ्यर्थियों को उत्तर-पत्रक, औपबंधिक उत्तर कुंजी एवं आनलाइन आपत्ति दर्ज करने के लिए पोर्टल पर सस्पिसियस एक्टिविटी/अनअथाराइज्ड एक्सेस संबंधित संदेश प्रदर्शित हुआ है।
आयोग द्वारा इसपर विचार किए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है कि सस्पिसियस एक्टिविटी/अनअथाराइज्ड एक्सेस तथा टेक्निकल ईरर वाले अभ्यर्थियों के द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा फिर से आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में भाग लेने के लिए संबंधित अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र अलग से जारी किया जाएगा।
आयोग ने उन 2,819 अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन नंबर भी प्रकाशित कर दिया है, जिन्हें उक्त पत्र की दोबारा परीक्षा देनी होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट देखने के निर्देश भी दिए हैं।
बताते चलें कि माध्यमिक आचार्य नियुक्ति परीक्षा 15-22 जनवरी को आयोजित की गई थी। आयोग ने 16 अप्रैल को इस परीक्षा माडल उत्तर जारी कर उसपर आपत्तियां और सुझाव मांगे थे। इसमें ही तकनीकी समस्या आई है।
इधर, माडल उत्तर खासकर उर्दू व एक-दो जनजातीय भाषाओं में माडल उत्तर में गलतियां सामने आई हैं। अभ्यर्थी इसे लेकर सवाल उठा रहे हैं। राज्य में पहली बार माध्यमिक विद्यालयों में माध्यमिक आचार्य के नए कैडर व वेतनमान में शिक्षकों की नियुक्ति हो रही है।