विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में आज निकलेगा भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी, अमन-चैन के साथ मनाएंगे ईद मिलादुन्नबी

Published: Wed, 26 Aug 2026 07:00 AM (IST)

रांची में आज ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा, जिसमें शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों लोग शामिल ...और पढ़ें

आज रांची में निकलेगा भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी। जागरण

आज रांची में निकलेगा भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी। जागरण

HighLights

  1. आज रांची में निकलेगा भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी।

  2. पत्थलकुदवा चौक पर सुबह 11 बजे जुटेंगे जुलूस।

जागरण संवाददाता, रांची। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आज बुधवार को राजधानी रांची में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। शहर के विभिन्न मोहल्लों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी जुलूस निकलेगा। अलग-अलग इलाकों से निकलने वाले जुलूस सुबह करीब 9 बजे निर्धारित मार्गों से आगे बढ़ेंगे और दिन के 11 बजे पत्थलकुदवा चौक पहुंचेंगे। यहां विभिन्न क्षेत्रों से आए जुलूस एक साथ शामिल होंगे।

सुन्नी बरेलवी सेंट्रल कमेटी के महासचिव अकीलुर्रहमान ने बताया कि जुलूस की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अलग-अलग क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए तय स्थानों पर पहुंचेंगे। इसके बाद सभी जुलूसों को एक साथ आगे ले जाने की व्यवस्था की गई है।

शहर और आसपास के इलाकों से निकलेंगे जुलूस

कांटाटोली, मौलाना आजाद कॉलोनी, इलाही बख्श कॉलोनी, गढ़ाटोली, रमजान कॉलोनी, रजा कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस कांटाटोली चौक और नया टोली होते हुए पत्थलकुदवा चौकहोते पहुंचेंगे।

वहीं मोरहाबादी, एदलहातू और बरियातू क्षेत्र के जुलूस करमटोली और न्यूक्लियस माल होते हुए निर्धारित स्थल पर पहुंचेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में कोंगे, चंदवे, भीठा, जयपुर रोड और पंडरा समेत अन्य इलाकों से जुलूस निकलेंगे। छोटे वाहनों से ये जुलूस मेन रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचेंगे और वहां से इकरा मस्जिद चौक की ओर जाने वाले जुलूस में शामिल होंगे।

पुंदाग, इलाही नगर और डीपाटोली के जुलूस अरगोड़ा चौक और अशोक नगर होते हुए कडरू पहुंचेंगे। यहां वे कडरू क्षेत्र के जुलूस में शामिल होंगे।

दोपहर एक बजे इकरा मस्जिद चौक पर जलसा

हिंदपीढ़ी, नेजाम नगर, मोजाहिद नगर, कुर्बान चौक और ग्वाला टोली समेत अन्य क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस अंजुमन प्लाजा, डॉ. फतेहउल्लाह रोड से होते हुए इकरा मस्जिद चौक पहुंचेंगे। सभी जुलूसों के दोपहर करीब एक बजे तक यहां पहुंचने की योजना है।

इकरा मस्जिद चौक के पास मंच बनाया गया है, जहां दोपहर एक बजे जलसे का आयोजन होगा। इसमें उलेमा पैगंबर हजरत मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के जीवन, उनके संदेश और शिक्षाओं पर तकरीर करेंगे।

संयुक्त जुलूस रेसालदार बाबा की मजार पहुंचेगा

जलसे के बाद सभी जुलूस संयुक्त रूप से इकरा मस्जिद चौक से आगे बढ़ेंगे। इसके बाद जुलूस सैनिक मार्केट, ओवरब्रिज, राजेंद्र चौक, भीमराव अंबेडकर चौक, यूनूस चौक, डोरंडा, मंदिर मार्ग, इंजीनियरिंग भवन रोड और नेपाल हाउस होते हुए रेसालदार बाबा की मजार के पास पहुंचेगा।

मजार के पास उलेमा और धर्मगुरु लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद सलातो-सलाम और सामूहिक दुआ के साथ जुलूस का समापन किया जाएगा।

जगह-जगह होगा जुलूस का स्वागत

जुलूस-ए-मोहम्मदी के स्वागत की भी तैयारियां की गई हैं। मस्जिद जाफरिया के इमाम मौलाना सैयद तहजीबुल हसन रिजवी ने बताया कि अंजुमन-ए-जाफरिया की ओर से विक्रांत चौक पर स्वागत शिविर लगाया जाएगा।

यहां जुलूस में शामिल लोगों के लिए शरबत, सौंफ और मिसरी की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा मेन रोड, डॉ. फतेहउल्लाह रोड, डेली मार्केट के सामने समेत कई स्थानों पर विभिन्न संगठनों की ओर से जुलूस का स्वागत किया जाएगा।

अमन-चैन और भाईचारे के साथ जुलूस निकालने की अपील

एदार-ए-शरिया झारखंड के नाजिम-ए-आला मौलाना मुहम्मद कुतुबुद्दीन रिजवी ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर राज्यवासियों को मुबारकबाद दी है। उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी पैगंबर हजरत मुहम्मद मुस्तफा (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के जन्मदिवस की खुशी का अवसर है।

उन्होंने जुलूसे ईद मिलादुन्नबी में बड़ी संख्या में अकीदत, अदब, विनम्रता और शांति के साथ शामिल होने की अपील की। साथ ही धार्मिक सहिष्णुता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का विशेष ध्यान रखने को कहा।

मौलाना रिजवी ने लोगों से अपने-अपने क्षेत्र की जुलूस कमेटियों की गाइडलाइन का पालन करने और ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने की अपील की, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से जुलूस के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखने की भी मांग की है।

एदार-ए-शरिया ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर लंगर, सबील, मिलाद की महफिल और जरूरतमंदों की मदद जैसे नेक कार्य करने तथा समाज में अमन, शांति और भाईचारे का संदेश देने की अपील की है। 

यह भी पढ़ेः रांची में आज निकलेगा भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी, अमन-चैन के साथ मनाएंगे ईद मिलादुन्नबी