खलारी से गायब तीनों बच्चे पलामू के हुसैनाबाद से सकुशल बरामद, आरोपी रंजीत सिंह गिरफ्तार
खलारी थाना पुलिस ने सुभाषनगर से लापता तीनों बच्चों को पलामू के हुसैनाबाद रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चों को अपने साथ ले जाने वाले युवक ...और पढ़ें

खलारी से गायब तीनों बच्चे बरामद
HighLights
खलारी से लापता तीनों बच्चे सकुशल बरामद हुए।
पलामू के हुसैनाबाद रेलवे स्टेशन से मिले बच्चे।
बच्चों को ले जाने वाला रंजीत सिंह गिरफ्तार।
संवाद सूत्र, खलारी। खलारी थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत और सुनियोजित जांच के बाद थाना क्षेत्र के सुभाषनगर से लापता तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। तीनों बच्चे पलामू जिले के हुसैनाबाद रेलवे स्टेशन पर मिले, जबकि उन्हें अपने साथ ले जाने वाले युवक रंजीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ज्ञात हो कि तीनों बच्चे रविवार शाम से लापता थे। उनकी गुमशुदगी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी और समय बीतने के साथ मामले को लेकर दबाव भी बढ़ता जा रहा था।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई
खलारी थाना प्रभारी पुनि रामकुमार वर्मा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर बच्चों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान क्षेत्र के विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसी क्रम में खलारी थाना के पुराने परिसर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में तीनों बच्चे एक युवक के साथ जाते हुए दिखाई दिए।
हालांकि युवक का चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा था। पुलिस ने आशंका जताई कि बच्चे ट्रेन से कहीं ले जाए गए हैं। इसी सुराग के आधार पर मंगलवार को पुलिस टीम रेहला रेलवे स्टेशन पहुंची।
युवक को तीन बच्चों के साथ देखा
बरकाकाना-मुगलसराय पैसेंजर ट्रेन में लौटने के दौरान सब्जी बेचने वाली एक महिला ने पुलिस को बताया कि उसने एक युवक को तीन बच्चों के साथ देखा था, जो हैदरनगर जाने की बात कह रहा था, लेकिन वह रेहला स्टेशन पर ही उतर गया। इस सूचना के बाद डीएसपी खलारी रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम हैदरनगर पहुंची।
वहां रेलवे स्टेशन और एक ज्वेलर्स दुकान के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक का स्केच तैयार कराया गया और उसे खलारी थाना सहित आसपास के क्षेत्रों में प्रसारित किया गया। इसी बीच खलारी थाना में तैनात अन्य अधिकारियों ने जानकारी जुटाई कि बच्चों को ले जाने वाला युवक जेहलीटांड़ में अपनी मौसी के घर आया था।
खबरें और भी
तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया
पूछताछ में मौसी ने उसकी पहचान रंजीत सिंह के रूप में की और बताया कि वह उसकी बहन का बेटा है। महिला ने अपनी बहन से फोन पर संपर्क किया तो पता चला कि तीनों बच्चे उसके घर पर हैं। जब तक खलारी पुलिस हैदरनगर स्थित घर पहुंचती, रंजीत सिंह बच्चों को लेकर हुसैनाबाद रेलवे स्टेशन पहुंच चुका था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टेशन से ही रंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया और तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि रंजीत सिंह बच्चों को किस उद्देश्य से अपने साथ ले गया था, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
उससे पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है। तीनों बच्चों की सकुशल बरामदगी के बाद खलारी थाना पुलिस ने राहत की सांस ली है। वहीं क्षेत्र के लोग पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सतर्कता और लगातार प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।