Jharkhand SIR: समय पर गणना प्रपत्र नहीं भरने पर हो सकती है परेशानी, BLO ने मतदाताओं से की ये अपील
खलारी प्रखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण में मतदाताओं की उदासीनता दिख रही है। समय पर स्व-गणना प्रपत्र जमा न करने प ...और पढ़ें

बीएलओ। फोटो जागरण
HighLights
खलारी में SIR-2026 मतदाता सूची पुनरीक्षण में उदासीनता।
कई मतदाताओं ने अभी तक स्व-गणना प्रपत्र जमा नहीं किए।
समय पर प्रपत्र न भरने पर नाम सूची से बाहर हो सकता है।
संवाद सूत्र, खलारी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है, लेकिन खलारी प्रखंड में मतदाताओं के बीच अभी भी अपेक्षित जागरूकता नहीं दिख रही है।
कई मतदान केंद्रों के बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के पास अब भी बड़ी संख्या में स्व-गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फार्म) जमा नहीं हुए हैं। घर-घर जाकर प्रपत्र वितरित करने और संग्रह करने के बाद अब बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर बैठकर प्रपत्र जमा ले रही हैं।
बीएलओ ने बताया कि जिन मतदाताओं को अब तक स्व-गणना प्रपत्र नहीं मिला है, वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर प्रपत्र प्राप्त करें, उसे सही तरीके से भरकर जल्द जमा कर दें।
उन्होंने कहा कि अनेक मतदाता स्वयं प्रपत्र भरने में असमर्थ हैं। पढ़े-लिखे लोग भी कई कालमों को भरने को लेकर भ्रमित हो रहे हैं, जिसके कारण बीएलओ को मतदाताओं की सहायता करनी पड़ रही है।
बाद में बढ़ सकती है परेशानी
बीएलओ का कहना है कि यदि पात्र मतदाता समय पर स्व-गणना प्रपत्र जमा नहीं करते हैं, तो विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद प्रकाशित होने वाली नई मतदाता सूची में उनका नाम शामिल नहीं हो सकता है।
बाद में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया अपेक्षाकृत अधिक कठिन हो सकती है। इसलिए सभी मतदाताओं को समय रहते अपना प्रपत्र भरकर जमा कर देना चाहिए।
मंगलवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, खलारी तथा एसीसी स्कूल, खलारी स्थित मतदान केंद्रों पर बीएलओ मतदाताओं से स्व-गणना प्रपत्र प्राप्त करने के साथ-साथ उन्हें प्रपत्र भरने में भी सहयोग करते नजर आए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपने बूथ पर पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करें। बीएलओ ने यह भी बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त बीएलए-2 से भी अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है, जिससे अभियान की गति प्रभावित हो रही है।