विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand: कुड़मी समाज में रोचक है विवाह की प्रथा, सात फेरों और पंडित के बिना हो जाती है वर-वधू की विदाई

By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen
Published: Fri, 02 Dec 2022 03:36 PM (IST)Updated: Fri, 02 Dec 2022 04:10 PM (IST)

कुड़मी समाज में शादी की परंपरा काफी रोचक है। इनके यहां दहेज की बात तो दूर उल्टा वर पक्ष वधू ...और पढ़ें

कुड़मी समाज में शादी की अपनी अनोखी परंपरा है
कुड़मी समाज में शादी की अपनी अनोखी परंपरा है

दिनेश शर्माl झारखंड के पश्चिमी सिंहभू‍म जिले में बसे चक्रधरपुर के कुड़मियों में विवाह की बिल्कुल अनोखी परंपरा है। यहां परंपरागत विवाह में न तो पंडित की जरूरत होती है, न वैदिक मंत्रोच्चारण होता है और न ही सात फेरे लिए जाते हैं। सामान्य सनातनी विवाह की तरह अग्नि की साक्षी भी नहीं होती। तिलक-दहेज की तो बात ही छोड़िए, यहां वधू मूल्य चुकाकर शादी की अनोखी परंपरा है। यानी दहेज तो है ही नहीं, उल्टा वर पक्ष वधू पक्ष को वधू मूल्य देता है।

कुड़मी समाज में अग्नि को साक्षी मानने का नहीं है रिवाज

कुड़मी परंपरा में समाज की जानकार महिलाएं सभी रीति-रिवाजों को पूरा करवाती हैं, जिसके अनुसार कई तरह के नेग होते हैं। इन नेग में गीत गाए जाते हैं। यहां सात फेरों व अग्नि को साक्षी मानने का भी रिवाज नहीं है। शादी से पहले भूत पिढ़ा के सामने भाभी या कोई विवाहिता हाथ पकड़कर वधू के तीन चक्कर लगवाती है। भूत पिढ़ा घर के आंगन में बना वह स्थान है, जिसे पूर्वजों को समर्पित स्थान माना जाता है। वरमाला के स्थान पर वर और वधू मालाओं की आपस में अदला-बदली करते हैं।

पुरुष प्रधान परम्पराओं को तोड़ सिमरन ने की अनोखी शादी, पगड़ी पहन बग्गी पर हुई सवार, मंडप में ली राजशाही एंट्री

वधू पक्ष को मूल्‍य चुकाने बाद ही दी जाती है विदाई

इसी परंपरा का निर्वाहन करते हुए कुड़मी नेगाचारि के अनुसार, सोनुवा प्रखंड के बेलपोस निवासी काली शंकर महतो ने अपने पुत्र जगबंधु महतो की शादी वधू मूल्य चुका कर कराई। बीते 27 नवंबर को ईचागढ़ प्रखंड के खिरी निवासी बुद्धेश्वर महतो की बेटी रिसीता महतो उर्फ ईशा के साथ कुड़मी सामाजिक रीति-रिवाज से बिना ब्राह्मण के शादी संपन्न हुई। वर पक्ष द्वारा पनटाका, धुलि उड़ा, चइकपुरा, गीतगाहा, संगछाड़ा आदि विभिन्न नेग पर कन्या पक्ष को नकद राशि प्रदान की गई। वर पक्ष द्वारा सभी मूल्य चुकाने के पश्चात कुलहीमुड़ा में संगछाड़ा मूल्य प्रदान करने के बाद वर-कन्या को विदाई दी गई।

अब शहरियों की नकल में जुटे हैं लोग

कन्या के भाई व कुड़माली नेगाचारी के जानकार व साहित्यकार राजेन्द्र प्रसाद महतो ‘राजेन’ ने बताया कि हमारे कुड़मी समाज के विवाह संस्कार में ब्राह्मण प्रथा कभी नहीं रही। वर्तमान में पढ़े-लिखे शिक्षित व आर्थिक रूप से संपन्न लोगों के विवाह समारोह में शहरियों की नकल होने लगी है। शहरीकरण के पश्चात कुड़मी संस्कृति व संस्कार पर अतिक्रमण प्रारंभ हुआ है, जो खेदजनक है। बाराती बाजे गाजे के साथ नृत्य करते हुए गांव में प्रवेश करते हैं। इस क्रम में धूल उड़ती है। इस पर कन्या पक्ष को नेग की राशि दी जाती है। कन्या की विदाई के समय गांव के अंतिम छोर तक कन्या की सहेलियां छोड़ने जाती हैं। वर सहेलियों को नेग राशि देकर समझा-बुझाकर वापस भेजता है।

Amazing Wedding : मुस्लिम लड़की को भाया हिंदू धर्म, प्रेमी राम के साथ झारखंड से आयी बिहार, प्रेम की हुई जीत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।