मेदिनीनगर में पार्सल के पैसे मांगे तो बड़ा पोस्ट ऑफिस के पास होटल संचालक पर चाकू से हमला, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मेदिनीनगर में एक होटल संचालक पर पार्सल के पैसे मांगने पर अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
मेदिनीनगर में होटल संचालक पर चाकू से हमला।
पार्सल के पैसे मांगने पर हुआ विवाद।
संस, मेदिनीनगर (पलामू)। शहर के व्यस्ततम इलाके में बड़ा पोस्ट ऑफिस के समीप सोमवार को अज्ञात युवक ने होटल संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
इस हमले में होटल हॉट लिप्स के संचालक उग्रसेन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें स्थानीय लोगों और होटल कर्मचारियों की मदद से तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पार्सल के पैसों को लेकर हुआ विवाद
घायल होटल संचालक उग्रसेन के अनुसार, वह सोमवार दोपहर अपने होटल में बैठे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और खाने का सामान पार्सल कराया।
जब उग्रसेन ने पार्सल के पैसे मांगे, तो युवक ने तुरंत भुगतान करने से इनकार कर दिया और कहा कि वह पैसे बाद में देगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने अचानक अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाला और उग्रसेन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जांच और छापेमारी में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। घायल उग्रसेन के बयान के आधार पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास और होटल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।