यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
PM Modi : प्रधानमंत्री का क्या था संकेत? 32 मिनट के भाषण में 4 बार लिया एक नाम, सियासी हलचल तेज
PM Modi Dhanbad Visit Jharkhand Politics प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को झारखंड के धनबाद में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपने 3 ...और पढ़ें

HighLights
- बाबूलाल मरांडी को पुराना मित्र बताकर संगठन को भी संदेश दे गए मोदी
- मोदी ने धूप में खड़े लोगों से क्षमा मांगकर सबको किया कनेक्ट
राज्य ब्यूरो, रांची। Jharkhand Politics : राजनीति में प्रतीकों का बड़ा महत्व होता है। यह धनबाद के बरवाअड्डा में आयोजित प्रधानमंत्री की विजय संकल्प रैली में भी देखने को मिला। यहां मंच पर प्रदेश भाजपा के सभी बड़े नेता बैठे थे, लेकिन अपने 32 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार बार बाबूलाल मरांडी का नाम लिया।
संबोधन की शुरुआत भी अपना पुराना मित्र बताकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को धन्यवाद देने से की और धनबाद बुलाने के लिए उनका आभार जताया। बाबूलाल मरांडी के दिए अंगवस्त्र को वह आखिरी समय तक धारण किए रहे।
खुली जीप में उनके साथ बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा दोनों थे। मंच पर भी दोनों मोदी के अगल-बगल ही बैठे थे, लेकिन मोदी की जुबान पर बस बाबूलाल मरांडी का ही नाम आया।
कार्यक्रम के दौरान ही अर्जुन मुंडा मंच से नीचे कुछ आवश्यक कार्य से चले भी गए। मंच पर बाबूलाल मरांडी के साथ बांडिंग दिखाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें लेकर साफ संदेश भी दिया।
बाबूलाल ने मोदी को बताया धरती का सर्वाधिक लोकप्रिय नेता
इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें धरती का सबसे लोकप्रिय नेता बताया। उन्होंने भरोसा दिया कि अबकी बार झारखंड की सभी 14 सीटें भाजपा जीतेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर देश और झारखंड की जनता को भरोसा है। बाबूलाल मरांडी ने अपने भाषण में आईएनडीआईए गठबंधन के भ्रष्टाचार की जमकर चर्चा की। कहा कि हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री रहते बालू, पहाड़ और जमीन की लूट की।
हेमंत सोरेन के परिवार के पास जितनी जमीन है, उतनी जमीन झारखंड के राज परिवारों के पास भी नहीं है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र की एक पहाड़ियां युवती की 56 टुकड़ों में काटकर हत्या कर दी जाती है।
खबरें और भी
उनके क्षेत्र में कई लोग मलेरिया से मर जाते हैं, लेकिन हेमंत सोरेन ने कभी इसकी चिंता नहीं की। उन्होंने कहा कि झामुमो गठबंधन सरकार के समय आदिवासी सबसे पीड़ित रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन जो अबुआ आवास बांट रहे हैं, उसमें भी भ्रष्टाचार हो रहा है।
खड़े लोगों से पीएम बोले, आपका तप बेकार नहीं जाएगा
मैदान में करीब 70 हजार लोग आए थे। तीन लोकसभा क्लस्टर के तहत धनबाद, गिरिडीह और कोडरमा से भाजपा कार्यकर्ता अपने समर्थकों के साथ आए थे। इनमें से बड़ी संख्या में लोग पंडाल के बाहर खड़े थे।
इन लोगों से सीधा संवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि धूप में खड़े रहने की वजह से आपको जो कष्ट हो रहा है, उसके लिए मैं क्षमा मांगता हूं। लेकिन आपके इस तप को मैं बेकार नहीं जाने दूंगा। आपके लिए हमेशा काम करता रहूंगा।